पटना : बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब परीक्षा देने जा रहे छात्रों ने ट्रेनों के विलंब से नाराज होकर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें रेल आईजी जीतेंद्र राणा सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों की यात्रा कर रहे थे। कई ट्रेनों के निर्धारित समय से देरी से चलने के कारण छात्र आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते सैकड़ों छात्र रेलवे ट्रैक पर उतर आए और रेल यातायात बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारी परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे थे।
स्थिति को नियंत्रित करने और छात्रों को समझाने के लिए रेल आईजी जीतेंद्र राणा, रेल पुलिस तथा रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया, लेकिन मामला और बिगड़ गया। इसके बाद कुछ उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में रेल आईजी जीतेंद्र राणा तथा कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कुछ ट्रेनों में भी तोड़फोड़ की गई और रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्टेशन परिसर में भारी संख्या में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए।
घटना के कारण राजधानी सहित कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। कुछ ट्रेनों को विलंब से चलाना पड़ा, जबकि कुछ के मार्ग में बदलाव किया गया। स्टेशन पर घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
रेल आईजी जीतेंद्र राणा ने घटना के बाद कहा कि प्रदर्शन में कुछ असामाजिक तत्व भी शामिल हो गए थे, जिन्होंने स्थिति को हिंसक बनाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पूरी घटना की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्थिति को फिलहाल नियंत्रण में बताया है, जबकि रेलवे और पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से शांति बनाए रखने की अपील की है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
