स्पोर्ट्स डेस्क: महिला टी-20 विश्व कप 2026 में भारत को पहली हार का सामना करना पड़ा। मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 6 विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 161 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका की जीत में मारीजान कैप ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 45 गेंदों पर नाबाद 81 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। कैप ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट हासिल किए। ताजमिन ब्रिट्स के 40 रनों के साथ मिलकर उन्होंने तीसरे विकेट के लिए 97 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
भारत की ओर से श्री चरणी ने सबसे प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा को 1 सफलता मिली।
इससे पहले भारतीय पारी में शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई और 15 गेंदों पर 31 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। दीप्ति शर्मा ने 29 रनों का योगदान दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपने 200वें टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 24 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना 17 रन बनाकर आउट हुईं।
दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी में शबनीम इस्माइल ने 2 विकेट लिए। आयाबोंगा खाका, नदीन डी क्लर्क और नोंकुलुलेको म्लाबा को 1-1 सफलता मिली।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत