मुंबई: अभिनेता सनी देओल एक बार फिर कोर्टरूम ड्रामा में वकील की भूमिका निभाने जा रहे हैं। उनकी आगामी नेटफ्लिक्स फिल्म ‘इक्का’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान जब उनसे 1993 की सुपरहिट फिल्म ‘दामिनी’ के सीक्वल को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि ‘दामिनी 2’ बनाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन यह संभव नहीं हो पाया।
सनी देओल ने कहा, “मुझे कोर्टरूम ड्रामा हमेशा से पसंद रहे हैं। ‘दामिनी’ के बाद मुझे फिर कभी वकील का किरदार निभाने का मौका नहीं मिला। हमने ‘दामिनी 2’ बनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उसका कुछ हुआ नहीं। फिर ‘इक्का’ आई और मैं इसे लेकर बेहद खुश था।”
‘इक्का’ सनी देओल की ओटीटी डेब्यू फिल्म भी है। खास बात यह है कि इस फिल्म में वह करीब 33 साल बाद फिर से वकील की भूमिका में दिखाई देंगे। इससे पहले ‘दामिनी’ में उनके दमदार कोर्टरूम संवाद और अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा था, जो आज भी उनकी सबसे यादगार भूमिकाओं में गिना जाता है।
फिल्म में सनी देओल के साथ अक्षय खन्ना भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। दोनों कलाकार लगभग 29 साल बाद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों 1997 की फिल्म ‘बॉर्डर’ में साथ दिखाई दिए थे।
निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी ‘इक्का’ एक कोर्टरूम ड्रामा है, जिसमें न्याय, नैतिकता और कानूनी लड़ाई की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म में दिया मिर्जा और तिलोत्तमा शोम भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत