डेस्क : ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर स्थित नॉर्थस्टोव में हिंदू समुदाय को मंदिर निर्माण के प्रयास में बड़ा झटका लगा है। स्थानीय परिषद ने मंदिर के लिए प्रस्तावित भूमि हिंदू संगठन को आवंटित करने के बजाय चर्च नेटवर्क और उसके साझेदार मुस्लिम समुदाय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। परिषद ने इस भूमि को 999 वर्ष की लीज पर देने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, साउथ कैम्ब्रिजशायर डिस्ट्रिक्ट काउंसिल ने लगभग 0.25 हेक्टेयर भूमि नॉर्थस्टोव चर्च नेटवर्क (एनसीएन) को आवंटित की है। इस परियोजना के तहत एक चर्च, इस्लामी प्रार्थना कक्ष तथा सामुदायिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
दूसरी ओर, स्थानीय संगठन हिंदू समाज नॉर्थस्टोव (एचएसएन) ने इसी भूमि पर मंदिर के साथ एक बहुउद्देश्यीय सामुदायिक एवं सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा था। परिषद के मूल्यांकन में हिंदू संगठन के प्रस्ताव को 65 अंक, जबकि चर्च नेटवर्क के प्रस्ताव को 81 अंक प्राप्त हुए, जिसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया गया।
स्थानीय हिंदू समुदाय का कहना है कि नॉर्थस्टोव और आसपास के क्षेत्रों में कोई स्थायी हिंदू मंदिर नहीं है। धार्मिक अनुष्ठानों और प्रमुख त्योहारों के आयोजन के लिए उन्हें दूर-दराज़ के शहरों तक यात्रा करनी पड़ती है। कई बार पूजा-अर्चना अस्थायी स्थानों या निजी परिसरों में आयोजित करनी पड़ती है।
हिंदू समाज नॉर्थस्टोव की अध्यक्ष अपर्णा निगम-सक्सेना ने परिषद की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि मूल्यांकन के मानदंडों में पर्याप्त पारदर्शिता नहीं थी। उन्होंने संकेत दिया कि संगठन इस निर्णय के विरुद्ध आगे की कानूनी या प्रशासनिक कार्रवाई पर विचार कर रहा है।
वहीं, परिषद का कहना है कि सभी प्रस्तावों का मूल्यांकन पूर्व निर्धारित और सार्वजनिक मानकों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से किया गया तथा अंतिम निर्णय उसी प्रक्रिया के अनुरूप लिया गया।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत