डेस्क : देश में मानसून तेजी से सक्रिय हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार 9 जुलाई को देश के 23 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और अगले 2 से 3 दिनों में इसके पूरे देश को कवर करने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। हवा की रफ्तार कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे, जबकि कुछ इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
दिल्ली में बादल छाए रहने के आसार, बारिश की संभावना
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम सुहावना रहने की संभावना है। IMD के अनुसार, दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 9 से 12 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
यूपी में मानसून फिर सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, डीप डिप्रेशन के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश तेज हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई। चित्रकूट जिले के राजापुर में सबसे अधिक 144.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी
IMD ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 12 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका जताई गई है।
पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में आज और शुक्रवार सुबह तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
बिहार, मध्य प्रदेश और बंगाल में भी तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार, मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 9 और 10 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी आज अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में आज बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
महाराष्ट्र के मध्य हिस्सों में आज बहुत भारी बारिश हो सकती है। कोंकण, गोवा और गुजरात क्षेत्र में भी भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी एवं कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में फ्लैश फ्लड का खतरा
भारी बारिश के चलते मौसम विभाग ने कई इलाकों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा बताया है। गुजरात के अरावली, दाहोद, महिसागर और पंचमहल जिलों के साथ राजस्थान के डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की गई है।
महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग क्षेत्रों में भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई जिलों में अचानक बाढ़ की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत