स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में भारत की शर्मनाक हार के बाद पूर्व भारतीय कप्तान और पूर्व मुख्य चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने टीम प्रबंधन और उपकप्तान तिलक वर्मा पर तीखा निशाना साधा है। श्रीकांत ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह तिलक वर्मा को लगातार मौके दिए जा रहे हैं, उसे देखकर लगता है कि वह जल्द ही भारतीय टी20 टीम के कप्तान भी बन जाएंगे।
श्रीकांत ने तिलक वर्मा की बल्लेबाजी और टीम में उनकी भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि टीम प्रबंधन उन्हें प्रमुख बल्लेबाज और उपकप्तान मानता है तो फिर तेज गेंदबाजी का सामना करने से उन्हें क्यों बचाया जा रहा है। तीसरे टी20 में अक्षर पटेल को तिलक से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजने के फैसले पर भी उन्होंने हैरानी जताई।
पूर्व चयनकर्ता ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि टीम प्रबंधन को खुद पता है कि तिलक वर्मा शॉर्ट पिच और तेज गेंदबाजी के सामने संघर्ष करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई खिलाड़ी लगातार उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा है तो उसे कुछ समय के लिए बाहर बैठाकर दूसरे खिलाड़ियों को मौका दिया जाना चाहिए। श्रीकांत ने यहां तक कहा कि वह तिलक की जगह संजू सैमसन को खिलाना पसंद करेंगे।
उन्होंने टीम प्रबंधन के एक अन्य फैसले पर भी सवाल उठाए। श्रीकांत ने कहा कि तेज गेंदबाज हर्षित राणा को शिवम दुबे से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजना समझ से परे था। उनके अनुसार यह फैसला टीम की रणनीति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
गौरतलब है कि तीसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 125 रन से करारी शिकस्त दी। इंग्लैंड के 201 रन के जवाब में भारतीय टीम महज 76 रन पर सिमट गई। इस हार के बाद पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में भारत 0-2 से पिछड़ गया है, जबकि पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत