अहमदाबाद:गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए सह प्रभारी बनाए गए आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को गुजरात पहुंचे राघव ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा तो उम्मीद जताई की उनकी पार्टी यहां सत्ता परिवर्तन करने जा रही है। चड्ढा ने कहा कि गुजरात में पिछले 27 साल से भाजपा की ही सरकार है। लोग अब बीजेपी से ऊब गए हैं। उन्होंने कहा, ”आज हर गुजराती के मन में तीन चीजे है। पहली चीज बदलाव, दूसरी चीज बदलाव और तीसरी चीज भी बदलाव। वह बदलाव कांग्रेस पार्टी नहीं दे सकती। जो पार्टी पिछले 27 साल से भाजपा को नहीं हरा सकी वह अब क्या हराएगी? इसलिए लोग बड़ी उम्मीद से अरविंद केजरीवाल जी और आम आदमी पार्टी की ओर देख रहे हैं।”
राघव ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने एक मॉडल ऑफ गवर्नेंस दिल्ली में दिखाया, पंजाब के लोगों ने उसे अपनाया और अब उसे अपनाने की बारी गुजरात की है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, ”मैं गुजरात में आया, लोगों से बातचीत की तो मालूम पड़ा कि हर जगह लोग नाखुश है। हर जगह आंदोलन हो रहा है, हर जगह सरकार का विरोध हो रहा है। मैंने पता लगाने की कोशिश करें कि गुजरात में कौन लोग आंदोलन कर रहे हैं तो पता चला की गुजरात के सरकारी कर्मचारी, क्लास 3, क्लास 4 के सरकारी कर्मचारी, फिक्स पगारधारी सरकारी कर्मचारी, कांट्रेक्चुअल और आउटसोर्स कर्मचारी, विद्यासहायक, आंगनवाड़ी वर्कर, मिड डे मील के स्टाफ वर्कर, स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन कर्मचारी समेत सभी कर्मचारी भाजपा सरकार से नाराज हैं।”
राघव ने कहा कि दिल्ली में भी गुजरात की तरह 15 साल से एक ही पार्टी की सरकार थी, 15 साल बाद जब चुनाव हुआ तो आम आदमी पार्टी ने पहली बार चुनाव लड़ा था और दिल्ली के लोगों ने 15 साल पुरानी पार्टी को ठुकरा कर आम आदमी पार्टी को मौका दिया। उसके बाद दिल्ली वाले केजरीवाल जी को आई लव यू कहते हैं और ‘झाड़ू’ का बटन दबाते हैं। पंजाब में भी 50 साल से चल रही पार्टी को एक तरफ करके लोगों ने ‘आप’ की सरकार बनाई। मुझे विश्वास है कि 2022 के चुनाव में गुजरात की जनता 27 साल पुरानी पार्टी को उखाड़ कर फेंक देगी। आने वाले दिनों में आम घरों के लड़के लड़कियां गुजरात की कमान को संभालेंगे।
सांसद ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के युवाओं के लिए रोजगार गारंटी दी है, 10 लाख सरकारी नौकरियां और नौकरी ना मिले तब तक 3000 का प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने की गारंटी दी है। अरविंद जी ने बिजली गारंटी की भी बात की है, जैसे दिल्ली और पंजाब में 300 यूनिट बिजली फ्री मिलती है वैसे ही गुजरात के लोगों को 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी और 24 घंटे बिजली लोगों को बिजली मिलेगी। फ्री में बिजली देने का वरदान भगवान ने सिर्फ एक ही आदमी को दिया है वह है अरविंद केजरीवाल।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
