नई दिल्ली: सेना के संयुक्त थियेटर कमान के संचालन का मजबूत आधार तैयार करने की रणनीति के तहत अब तीनों सेनाओं के टू और थ्री स्टार वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के लिए अब एक कॉमन सालाना गोपनीय रिपोर्ट (सीआर) सिस्टम की नई प्रणाली लागू की जाएगी। इसके तहत सेना के मेजर जनरल और लेफ्टिनेंट जनरल, वायुसेना के एयर वाइस मार्शल, एयर मार्शल और नौसेना के रियर एडमिरल व वाइस एडमिरल स्तर के अधिकारियों के लिए कॉमन सीआर होगी।
तीनों सेनाओं के बीच होगी व्यापक समन्वय
भारतीय सेना ने इस स्तर के अधिकारियों को क्रॉस सर्विस पोस्टिंग की सुविधा के लिए इस प्रणाली को अपनाने का फैसला किया है ताकि तीनों सेनाओं के एकीकरण और संयुक्त थियेटर कमान की चल रही तैयारियों को मूर्त रूप दिया जा सके। संयुक्त सैन्य थियेटर कमान का गठन तीनों सेनाओं के बीच व्यापक समन्वय के साथ इनकी युद्धक क्षमता में इजाफा करने के लिहाज से महत्वपूर्ण सैन्य सुधारों का हिस्सा है।
कई क्षेत्रों में उठाए जा रहे कदम
रक्षा और सुरक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े सत्रों के अनुसार, सशस्त्र सेनाओं के बीच संयुक्तता और एकीकरण लाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कदम उठाए जा रहे हैं और वरिष्ठ सैन्य अफसरों की कॉमन सीआर इस दिशा में एक अहम कदम है। मौजूदा समय में संयुक्त या तीनों सेवाओं की नियुक्तियों में पोस्टिंग के लिए, चयन प्रणाली मूल सेवा-विशिष्ट मापदंडों पर आधारित है।
सूत्र के मुताबिक, संयुक्त थियेटर कमान के आने वाले दौर में तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए अवसर तभी बढ़ेगा जब वे संयुक्त संरचनाओं की ओर बढ़ेंगे। इसीलिए तीनों सेनाओं की इस स्तर की नियुक्तियों पर कार्य करने के लिए मूल्यांकन प्रणाली को सक्रिय करने की आवश्यकता महसूस की गई है।
टू और थ्री स्टार अधिकारियों के लिए लागू होगी एक समान सीआर
प्रारंभ में तीनों सेनाओं के टू और थ्री स्टार अधिकारियों के लिए एक समान गोपनीय रिपोर्ट (सीआर) लागू की जाएगी। इस नई व्यवस्था को अगले तीन से चार महीनों में लागू हो जाने की संभावना है।
आकलन की समानता में मिलेगी मदद
सूत्र के अनुसार एक समान सीआर से प्रक्रियाओं के साथ-साथ आकलन की समानता में भी मदद मिलेगी और तीनों सेनाओं की संयुक्तता और एकीकरण में इसका अहम योगदान होगा। इस कदम से काबिलियत के आधार पर कमांड, स्टाफ या निर्देशात्मक चैनलों में त्रि-सेवा नियुक्तियों के लिए अधिकारियों की बेहतर पहचान कर उनका चयन किया जा सकेगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

