नई दिल्ली:विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की अगली बैठक के लिए तिथि और स्थान को लेकर सहमति बन चुकी है। यह तीसरी बैठक मुंबई के पवई में 31 अगस्त और एक सितंबर को प्रस्तावित है।
26 दलों के नेताओं का यह जुटान काफी महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि इसमें आइएनडीआइए समन्वयक के चयन से लेकर लोकसभा चुनाव 2024 के अभियान को संचालित करते हुए समन्वय के लिए समितियों का गठन भी संभावित है। मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए 26 विपक्षी दलों ने आइएनडीआइए का गठन किया है।
पटना विपक्षी बैठक
जून में पटना में हुई इन विपक्षी दलों की पहली बैठक में साथ आने के लिए नेताओं के बीच सुलह-सहमति बनी। राजग प्रत्याशी के विरुद्ध विपक्ष का संयुक्त उम्मीदवार लड़ाने की रणनीति पर सभी दलीय नेता सहमत हुए।
बेंगलुरू विपक्षी बैठक
इसके बाद पिछले माह बेंगलुरू में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से विपक्षी गठबंधन के लिए इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस नाम प्रस्तावित किया गया, जिस पर सर्वसम्मति से अंतिम रूप से मुहर लगा दी गई। उसी दिन यह भी घोषणा कर दी गई थी कि आइएनडीआइए की अगली बैठक मुंबई में होगी।
सूत्रों ने बताया कि इस बैठक के लिए कई तिथियों पर विचार किया गया, लेकिन अंतत: सभी प्रमुख विपक्षी नेताओं की उपलब्धता के आधार पर 31 अगस्त और एक सितंबर की तिथियां तय की गई हैं।
कौन करेगा बैठक की मेजबानी?
मुंबई के पवई में इस बैठक की मेजबानी महाराष्ट्र के महाविकास अघाड़ी गठबंधन में शामिल शिवसेना (उद्धव गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) द्वारा कांग्रेस के सहयोग से की जाएगी। इस दो दिवसीय बैठक का स्वरूप भी बेंगलुरू बैठक जैसा होगा। पहले दिन नेताओं की औपचारिक भेंट-वार्ता होगी और अगले दिन एजेंडे पर बैठक होगी।
इस बैठक में आइएनडीआइए समन्वयक का चयन और 11 सदस्यीय समन्वय समिति के गठन सहित चुनाव अभियान संचालन के लिए संयुक्त सचिवालय स्थापित करने पर भी निर्णय किया जा सकता है।
माना जा रहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सजा पर जिस तरह से सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई है, उससे उनकी लोकसभा सदस्यता बहाली का रास्ता साफ हो गया है। चूंकि, राहुल इस विपक्षी गठबंधन के प्रभावशाली नेता और प्रमुख आकर्षण हैं, इसलिए उनके पक्ष में घटा यह घटनाक्रम भी विपक्षी खेमे को और ऊर्जा देने वाला साबित हो सकता है।











मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

