नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची को बुधवार को जारी हो सकती है। भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य व कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को ऐसे संकेत दिए। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली जा रहे हैं। येदियुरप्पा ने कहा, ‘परसों (बुधवार को) दिल्ली में बैठक है। मैं वहां जा रहा हूं। संभवतः कर्नाटक सहित दूसरी सूची (लोकसभा उम्मीदवारों की) को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसलिए मैं दिल्ली जा रहा हूं। मेरा मानना है कि बुधवार को सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। सूची पर अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व लेगा।’
बीएस येदियुरप्पा से पूछा गया कि क्या उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में कर्नाटक के सभी 28 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम होंगे? इस उन्होंने कहा, ‘संभवतः कोई देरी नहीं होगी। सभी सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा हो सकती है।’ कर्नाटक में कुछ नए चेहरों को टिकट दिए जाने की संभावना पर भी उन्होंने बयान दिया। येदियुरप्पा ने कहा कि उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के मन में क्या है। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय दिल्ली में पार्टी के नेताओं की ओर से लिया जाएगा।
पहली लिस्ट के 2 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने से किया इनकार
येदियुरप्पा ने यह भी नहीं बताया कि राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) को कितनी सीट दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ समझौता किया जाएगा। मालूम हो कि भाजपा ने 2 मार्च को 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। इस बीच, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। एक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि जब तक मैं निर्दोष साबित नहीं होता सार्वजनिक जीवन में कोई चुनाव नहीं लड़ूंगा। इससे पहले आसनसोल से बीजेपी कैंडिडेट पवन सिंह ने चुनाव में खड़े होने से मना कर दिया था।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
