बलिया: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हम समान नागरिक संहिता लागू करेंगे। यह हमारा कमिटमेंट है, क्योंकि यह भारत के संविधान के नीति निदेशक सिद्धांतों में है। कहा कि संविधान निर्माताओं ने भी समान नागरिक संहिता के बारे में कहा था। कहा कि दस साल में भारत के प्रति दुनिया में धारणा बदली है। पहले भारत को कमजोर समझा जाता था। आज भारत बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है। रक्षामंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने इमरजेंसी लगाई, वे लोग कहते हैं कि 400 सीटें आईं तो भाजपा लोकतंत्र का गला घोंटेगी। कोई माई का लाल लोकतंत्र का गला नहीं घोंट सकता। मोदी ने दस सालों में एक भी सरकार भंग नहीं की। हमने फैसला किया है कि देश मे विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होने चाहिए।
राजनाथ सिंह शुक्रवार को सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के सिकंदरपुर में गांधी इंटर कॉलेज के मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। राजनाथ सिंह ने इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस प्रकार विश्व की धरती से डायनासोर लुप्त हो गए, वैसे ही कांग्रेस भी लुप्त हो जाएगी। दूसरी ओर सपा ‘समाप्त पार्टी’ है। 2015 में ही ‘साइकिल’ की चेन उतर गई थी। 2017, 2019 व 2022 में चेन चढ़ नहीं सकी। जिस साइकिल पर चेन ही न हो, वह कैसे आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि आजाद भारत में हर नागरिक राजनीतिक रूप से समझदार हो गया है। चार चरणों में दुनिया ने मान लिया है कि भाजपा चार सौ से अधिक सीटों से जीतकर सरकार बना रही है। धारा 370, तीन तलाक और राममंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बनाने के बाद हमने जो भी कहा था, वह अक्षरश: पूरा किया। सपा कांग्रेस वाले राममंदिर की तारीख़ पूछते थे। हमने भव्य मंदिर बनाया। भारत में रामराज्य का आगाज होकर रहेगा। जिस समय लोगों में दायित्वबोध पैदा होगा, उसी दिन रामराज्य आ जाएगा।
कहा कि हम भारत को महाशक्ति बनाना चाहते हैं। किसी पर आक्रमण के लिए नहीं, बल्कि विश्व कल्याण के लिए। भारत ने चार हजार करोड़ की ब्रह्मोस मिसाइल भी निर्यात किया है। अगले पांच वर्षों में भारत करिश्मा करेगा। कहा कि चीन के मामले पर कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है। पीओके पर कब्जा करने की जरूरत नहीं है। पीओके हमारा था, है और रहेगा। अब तो पीओके के लोग मांग कर रहे हैं कि हम भारत के साथ रहना चाहते हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
