नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी सभा में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा था कि अगर इंडिया गठबंधन के लोग सत्ता में आ गए तो ये लोग अयोध्या में राम मंदिर पर बुलडोजर चलवाएंगे। उन्होंने नसीहत दी थी कि अगर बुलडोजर चलाना है तो उन्हें योगी आदित्यनाथ से सीखना चाहिए कि बुलडोजर कहां चलाना है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के इस बयान और नसीहत की तीखी आलोचना की है और उन्हें आरक्षण विरोधी मानसिकता वाला करार दिया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर पीएम मोदी और सीएम योगी पर हमला बोला है। रमेश ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वेबसाइट का हवाला देकर दावा किया है कि उस वेबसाइट पर लिखे योगी के आलेख आरक्षण और संविधान विरोधी हैं। कांग्रेस नेता ने इसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और पीएम मोदी की विचारधारा और मानसिकता से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सोच बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान की मूल भावना के खिलाफ है।
वीडियो पोस्ट करते हुए जयराम रमेश ने ट्वीट किया है, “प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि INDIA गठबंधन को उत्तर प्रदेश के CM योगी से सीखना चाहिए कि ‘बुल्डोज़र’ कहां चलाना चाहिए। असलियत में योगी का ‘बुल्डोज़र’ दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्गों की आरक्षण प्रणाली के खिलाफ है। जानिए कैसे-
2.21 मिनट लंबे वीडियो में जयराम रमेश ने यह भी दिखाया है कि वह लेख यूपी सीएम की वेबसाइट पर कहां है। उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि अब वह आलेख लंबे समय तक योगी आदित्यनाथ की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं हो और उसे हटा दिया जाय। उन्होंने लेख के उन हिस्सों का भी हवाला दिया जो उनके अनुसार आरक्षण विरोधी मानसिकता दर्शाते हैं।
कांग्रेस महासचिव ने वीडियो में आरोप लगाया, “प्रधानमंत्री को यह स्पष्ट रूप से कहना चाहिए कि वह योगी के आरक्षण विरोधी विचारों के कारण ही उनका समर्थन कर रहे हैं और वह इसीलिए ‘400 पार’ का नारा लगा रहे हैं ताकि संसद में 400 सीटों का बहुमत हासिल कर बाबा साहेब अम्बेडकर के संविधान में संशोधन कर सकें और दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों से आरक्षण का अधिकार छीन सकें।”













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

