मुंबई:महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) पूरी तरह अब चुनावी मोड में आ चुकी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल द्वारा निष्ठावन संवाद दौरा की शुरुआत पहले ही की जा चुकी है। अब पाटिल और शिरुर के सांसद अमोल कोल्हे ने मुंबई में महायुति सरकार की “काली करतूतों” पर एक किताब का विमोचन किया है, जिसमें महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन की 10 विफलताओं को उजागर किया गया है और राज्य में कुशासन और भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोला गया है।
राज्य में तीन महीने बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, इसलिए एनसीपी ने शुक्रवार को महायुति सरकार के ‘काली करतूतों’ पर किताब का विमोचन कर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पुस्तक का विमोचन करते हुए जयंत पाटिल ने इसे “ट्रिपल इंजन नहीं, बल्कि ट्रबल इंजन” (तीन इंजनों वाली नहीं, मुसीबत वाली) सरकार करार दिया। राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन में भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल हैं।
पाटिल ने कहा कि वंचित महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता देने का वादा करने वाली “लाडली बहना योजना’ के स्थान पर ‘लाडली खुर्ची (कुर्सी) योजना’ शुरू की जानी चाहिए ताकि “मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा रखने वाले सभी लोगों की मांगों को पूरा किया जा सके। महायुति सरकार के ‘काले कारनामों’ पर अपनी किताब में, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने सत्तारूढ़ गठबंधन की 10 ‘विफलताओं’ को उजागर किया है, जबकि राज्य में ‘कुशासन’ और ‘भ्रष्टाचार’ पर तीखा हमला बोला है।
पाटिल ने दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट स्थित पार्टी कार्यालय में शिरूर के सांसद अमोल कोल्हे, पार्टी की घोषणापत्र समिति की अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य वंदना चव्हाण तथा छात्र इकाई के अध्यक्ष सुनील गव्हाणे के साथ पुस्तक का विमोचन किया। इस मौके पर जयंत पाटिल ने कहा, “यह ट्रिपल इंजन वाली सरकार नहीं है, यह ट्रबल इंजन वाली सरकार है।” उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि राज्य में “लाडली खुर्ची” (लाड़ली कुर्सी) शुरू की जानी चाहिए।
शरद पवार द्वारा स्थापित एनसीपी में पिछले साल तब विभाजन हो गया था जब अजित पवार अपने वफादार विधायकों को लेकर सरकार में शामिल हो गए थे। बाद में उन्हें पार्टी का नाम और घड़ी का चुनाव चिन्ह मिला था। मुख्यमंत्री शिंदे पर निशाना साधते हुए पाटिल ने कहा, “मुख्यमंत्री दावोस जाते हैं और फिर चार लाख करोड़ रुपये के निवेश की बात करते हैं, लेकिन ये सिर्फ दावे हैं। उसमें से कितना निवेश महाराष्ट्र में आया है? कितनी नौकरियां पैदा हुई हैं?”
इस पुस्तक में एक काले रंग का गुब्बारा है जिस पर तीन कौवे बैठे हुए हैं। अमोल कोल्हे ने इसे महाराष्ट्र में “गांधी जी के तीन बंदरों का नया रूप” बताया है। उन्होंने कहा कि जहां (गांधीजी के) मूल बंदरों की विचारधारा “बुरा न देखने, बुरा न सुनने, बुरा न बोलने” पर केंद्रित थी, वहीं महाराष्ट्र के कौवे राज्य में किसी भी सकारात्मक कार्य के बारे में “न देखने, न सुनने और न बात करने” की नयी विचारधारा का प्रतिनिधित्व करते हैं। पुस्तक विमोचन के अलावा, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नेताओं ने आगामी राज्य विधानसभा चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र के वास्ते सुझावों को “क्राउडसोर्स” (जनता से सुझाव मांगने) करने के लिए एक अभियान भी शुरू किया।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
