डेस्क : अलीगढ़ में कांग्रेस की एक संगठनात्मक समीक्षा बैठक सोमवार को उस समय बुरी तरह बिगड़ गई जब पार्टी के दो गुट आपस में भिड़ गए। रेलवे रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस बैठक में देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और मामला हाथापाई तक पहुँच गया।
बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच पहले किसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर टूट पड़े और कार्यालय परिसर में लात-घूंसे, थप्पड़ और जूते चलने लगे।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पार्टी कार्यालय में मौजूद वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक स्थिति काफी बिगड़ चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह विवाद को शांत कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर की तैयारियों को लेकर बुलाई गई थी, लेकिन अंदरूनी मतभेद और गुटबाजी ने पूरे कार्यक्रम का माहौल बदल दिया। विवाद के चलते बैठक का एजेंडा भी प्रभावित हुआ।
घटना के बाद पार्टी के भीतर चल रही आंतरिक खींचतान एक बार फिर सामने आ गई है। एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि विवाद में बाहरी हस्तक्षेप भी हो सकता है, जबकि दूसरे पक्ष ने इसे पूरी तरह आपसी मतभेद और गुटीय संघर्ष बताया है।
मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है और स्थानीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत