डेस्क : देश के अधिकांश हिस्सों में अचानक तापमान बढ़ने से ठंड का असर कम हो गया है और अब केवल सुबह-शाम ही हल्की सर्दी महसूस हो रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज से 18 फरवरी तक सात राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम करवट लेगा। पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी के साथ-साथ उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में भी वर्षा और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी
17 से 19 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
उत्तर भारत में गरज-चमक के आसार
17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। 18 से 19 फरवरी के बीच मध्य प्रदेश में भी गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है।
निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाएं
16 और 17 फरवरी को निकोबार द्वीप समूह में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में 17 और 18 फरवरी को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। अगले दो-तीन दिनों में तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
उत्तराखंड में वर्षा के संकेत
चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर जिलों में 17 और 18 फरवरी को बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों पर असर
शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में 17 और 18 फरवरी को बारिश की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में वर्षा की संभावना
16 और 17 फरवरी को श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग जिलों में बारिश के आसार हैं।
राजस्थान में उत्तरी हिस्सों पर प्रभाव
राजस्थान में आज मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 17 और 18 फरवरी को हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश में 18-19 फरवरी को असर
सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद जिलों में 18 से 19 फरवरी के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
बिहार में फिलहाल राहत
बिहार में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि मिथिलांचल और सीमांचल के जिलों में मध्यम कोहरा और हल्की ठंड का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
