चंडीगढ़:पंजाब के एक गांव में गुरुद्वारे में 19 साल के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसने पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब के पन्ने फाड़ डाले थे। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया था। पुलिस के मुताबिक फिरोजपुर के बंडाला गांव में बेअदबी की घटना के बाद लोगों ने गुस्से में युवक को मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के मुताबिक मरने वाले का नाम बख्शीश सिंह है और वह तल्ली गुलाम गांव का रहने वाला है। वह गुरुद्वारे में घुसा और फिर पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के पन्ने फाड़ डाले। इसके बाद गुरुद्वारे में मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी गुरुद्वारे में आ गए। पुलिस ने बख्शीस सिंह के खिलाफ भी एक एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस के मुताबिक पन्ने फाड़ने के बाद जब बख्शीश भागने की कोशिश करने लगा तो स्थिति और बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतकार कममेटी के अध्यक्ष लखवीर सिंह ने बख्शीस के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। वहीं बख्शीश के पिता लखविंदर सिंह का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और इलाज चल रहा था।
बेटे की मौत के बाद पुलिस पर नाराजगी जताते हुए लखविंदर सिंह ने कहा कि जो लोग बख्शीश की मौत के लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनेी चाहिए। जानकारी के मुताबिक युवक की पिटाई के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। कुछ लोग उसे लेकर फिरोजपुर शहर के बागी अस्पताल पहुंचे थे। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बता दें कि मानसिक हालत खराब होने की वजह से दो महीने पहले वह कुछ लोगों के साथ दिल्ली चला गया था। कुछ दिन पहले ही परिवार के लोग उसे वापस लाए थे।