तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर को रविवार को क्रैश हो गया। हालांकि, इस दुर्घटना के बाद रईसी किस हाल में हैं… इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। इसकी वजह यह है कि अभी तक उनसे संपर्क ही नहीं हो पाया है। गृह मंत्री अहमद वाहिदी ने सरकारी टीवी से कहा, ‘राष्ट्रपति और उनके साथ कुछ लोग हेलीकॉप्टर से वापस जा रहे थे। खराब मौसम और कोहरे के कारण हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में उतारना पड़ा।’ उन्होंने कहा कि विभिन्न बचाव दल क्षेत्र में जा रहे हैं, लेकिन खराब मौसम और कोहरे के कारण उन्हें हेलीकॉप्टर तक पहुंचने में समय लग सकता है।
अहमद वाहिदी ने कहा, ‘यह क्षेत्र थोड़ा ऊबड़-खाबड़ है और वहां पहुंचना कठिन है। हम बचाव टीमों के लैंडिंग साइट पर पहुंचने और उनसे अधिक जानकारी प्राप्त होने का इंतजार कर रहे हैं।’ सरकारी टीवी ने बताया कि बचाव दल मौके पर पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण बचाव अभियान बाधित हो रहा है। तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और कोहरे की सूचना मिली है। आईआरएनए ने इस क्षेत्र को एक तरह का जंगल बताया है।
रईसी के साथ ईरान के विदेश मंत्री भी कर रहे थे यात्रा
मालूम हो कि रईसी ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत में यात्रा कर रहे थे। यह घटना ईरान की राजधानी तेहरान से लगभग 600 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में अजरबैजान देश की सीमा पर स्थित जुल्फा शहर के निकट हुई। हालांकि, बाद में टीवी ने बताया कि यह घटना उजी के निकट हुई है। खबर के अनुसार, रईसी के साथ ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन, ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर और अन्य अधिकारी व अंगरक्षक भी यात्रा कर रहे थे।
बांध का उद्घाटन करने गए थे अजरबैजान
इब्राहिम रईसी रविवार तड़के अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ बांध का उद्घाटन करने के लिए अजरबैजान में थे। यह तीसरा बांध है, जिसे दोनों देशों ने अरास नदी पर बनाया है। रईसी ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत में जा रहे थे। 63 साल के रईसी एक कट्टरपंथी हैं, जिन्होंने पूर्व में देश की न्यायपालिका का नेतृत्व किया था। उन्हें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के करीबी के रूप में देखा जाता है। कुछ विश्लेषकों का कहना है कि वह 85 वर्षीय नेता खामेनेई की मृत्यु या पद से इस्तीफा देने के बाद उनकी जगह ले सकते हैं। रईसी ने ईरान का 2021 का राष्ट्रपति चुनाव जीता था।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

Comments 1