डेस्क : 20 फरवरी को भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और युवा कांग्रेस के साथ अपनी एकजुटता जताई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने लिखा कि शांतिपूर्ण विरोध भारत की ऐतिहासिक धरोहर है और यह हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने युवा कांग्रेस के सदस्यों को ‘बब्बर शेर’ करार देते हुए उनके साहस और निडरता की सराहना की। राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका के साथ हुए ट्रेड समझौते में देश के हितों से समझौता किया गया है, जो किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा और हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा। ऐसे समय में युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और उनके साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और डर का उदाहरण है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी और वे खुद अपने ‘बब्बर शेर’ साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, बल्कि देशभक्ति है। उन्होंने जनता से कहा, “डरो मत, सच और संविधान हमारे साथ हैं।”
दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देश में युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं और देश का माहौल खराब होने के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता में भारी रोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी जी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने अपने देश की गरिमा को ठेस पहुँचाते हुए उनकी सारी शर्तें मान लीं, जिससे देश शर्मिंदा हुआ।
खरगे ने कहा कि जो कदम किसानों के हित में उठाने चाहिए थे, उसकी बजाय ऐसी बातचीत हुई जिसने किसानों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी जी देश को ट्रंप के अधीन और नागरिकों को बंधुआ मजदूर बनाने की दिशा में ले जा रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी न डरने वाली है और न ही डरपोक। उन्होंने कहा कि मोदी साहब खुद डरपोक हैं और इसी डर के कारण संसद में अपनी नीतियों का बचाव भी नहीं कर पा रहे। उन्होंने युवाओं और युवा नेताओं को डराने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी। मल्लिकार्जुन खरगे ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जो भी त्याग करना पड़ेगा, कांग्रेस करेगी और देश को गिरवी रखने वालों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
