देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली–देहरादून छह लेन आर्थिक गलियारे का उद्घाटन किया। इस परियोजना की लागत 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कई अहम राष्ट्रीय मुद्दों पर सरकार की नीतियों का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ते हुए क्षेत्रीय विकास को नई गति देगा और दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय छह घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों ने पिछले दशक में संविधान की गरिमा को पुनर्स्थापित करने का कार्य किया है। उन्होंने अनुच्छेद 370 के हटाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके बाद देश में संविधान पूरी तरह लागू हुआ है और संवैधानिक व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी अब विकास और प्रशासनिक व्यवस्था तेजी से सशक्त हो रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संविधान की अपेक्षाओं के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम है और राज्य ने देश के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
बाबा साहेब आंबेडकर को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन को सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि सरकार भी उसी दिशा में कार्य कर रही है और आधुनिक बुनियादी ढांचे व औद्योगिकीकरण को सामाजिक न्याय से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में देरी के लिए जनता से क्षमा भी मांगी। उन्होंने कहा कि वे समय पर रवाना हुए थे, लेकिन 12 किलोमीटर लंबे रोड शो में जनता के भारी उत्साह और भीड़ के कारण उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में देर हुई।
उन्होंने कहा कि यह अभूतपूर्व जनसमर्थन उत्तराखंड के प्रति लोगों के प्रेम और विश्वास को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली–देहरादून आर्थिक गलियारा राज्य के विकास को नई दिशा देगा और क्षेत्र में निवेश व कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने बैसाखी, पुथांडु और बोहाग बिहू की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में बद्रीनाथ और केदारनाथ यात्रा भी प्रारंभ होने जा रही है। उन्होंने मां दात काली मंदिर के दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन में आस्था और जनआशीर्वाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि केदारनाथ यात्रा के दौरान उन्होंने विश्वास जताया था कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की “डबल इंजन” सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड विकास और कनेक्टिविटी के नए मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
