डेस्क:बिहार की नीतीश सरकार ने राज्य में बिहार युवा आयोग के गठन को मंजूरी दे दी है। जिसका उद्देश्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, उन्हें प्रशिक्षित करने तथा सशक्त और सक्षम बनाना है। युवा आयोग में एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष और सात सदस्य होंगे, जिनकी अधिकतम उम्र सीमा 45 वर्ष होगी। यह आयोग इस बात की निगरानी करेगा कि राज्य के स्थानीय युवाओं को राज्य के भीतर निजी क्षेत्र के रोजगारों में प्राथमिकता मिले, साथ ही राज्य के बाहर अध्ययन करने वाले और काम करने वाले युवाओं के हितों की भी रक्षा हो। लेकिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर उनके वादे चुराने का आरोप लगाया है। तो वहीं एनडीए के सहयोगी और लोजपा आर के अध्यक्ष चिराग पासवान ने सीएम नीतीश का आभार जताया।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि हम है आगे-आगे और हमारे पीछे-पीछे है 20 सालों की थकाऊ-उबाऊ, बिकाऊ-दिखाऊ खटारा सरकार। जो वादा हम करते हैं उसको यह नकलची एनडीए सरकार तुरंत कॉपी कर लेती है क्योंकि थके हुए लोगों के पास अपना कोई विज़न, रोड मैप और ब्लूप्रिंट नहीं है। अब युवा प्रदेश बिहार इस नकलची और निकम्मी सरकार से छुटकारा चाहता है।
दरअसल कुछ दिन पहले तेजस्वी यादव ने युवा चौपाल में ये वादा किया था कि अगर महागठबंधन की सरकार आई तो वो युवा आयोग का गठन करेंगे। लेकिन उनका ये वादा नीतीश सरकार ने पहले ही पूरा कर दिया। जिस पर तेजस्वी ने तंज कसा है। वहीं दूसरी तरफ एलजेपी-आर के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नीतीश सरकार को युवा आयोग के गठन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता वाली कैबिनेट ने आज ‘बिहार युवा आयोग’ के गठन को मंजूरी दे दी है, जो राज्य के युवाओं के हितों को समर्पित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम है।
यह आयोग प्रदेश के युवाओं के हितों की रक्षा, उनके समग्र विकास तथा रोजगार, शिक्षा और कौशल के क्षेत्र में योजनागत सहयोग सुनिश्चित करेगा। युवाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में यह एक सशक्त कदम है। अब बिहार के युवाओं की आवाज़ और सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि युवा आयोग का गठन ‘बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट’ के विजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। मैं और मेरी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) इस फैसले का हार्दिक स्वागत करती है और मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट करती है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

