डेस्क : भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार जताया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच एक अंतरिम ट्रेड डील के ढांचे पर सहमति बनना भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं दोनों महान देशों के बीच मजबूत साझेदारी के प्रति अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने कहा कि यह व्यापार समझौता भारत के किसानों, उद्यमियों, लघु एवं मध्यम उद्योगों, स्टार्टअप्स और मछुआरों के लिए नए अवसर खोलेगा तथा ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को और गति देगा।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि “जैसे-जैसे भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर अग्रसर है, हम ऐसी वैश्विक साझेदारियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो भविष्य उन्मुख हों, हमारे नागरिकों को सशक्त करें और साझा समृद्धि को बढ़ावा दें।”
इस अंतरिम ट्रेड डील के तहत अमेरिका ने रूस से तेल खरीद को लेकर भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ को समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही कुल टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है। वहीं, एयरक्राफ्ट और उससे जुड़े उपकरणों पर आयात शुल्क पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। खास बात यह है कि भारत ने अपने संवेदनशील कृषि उत्पादों को इस समझौते से सुरक्षित रखा है।
हटाया गया 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक कार्यकारी आदेश में कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से कार्यकारी आदेश 14066 के तहत घोषित राष्ट्रीय आपातकाल से निपटने को लेकर भारत के प्रयासों पर अतिरिक्त जानकारी और सिफारिशें मिली हैं। ट्रंप ने कहा कि भारत ने रूसी संघ से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से तेल आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है और अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने पर सहमति दी है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका ने अगले दस वर्षों में रक्षा सहयोग बढ़ाने को लेकर एक रूपरेखा पर सहमति बनाई है। इन सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद उन्होंने यह निष्कर्ष निकाला कि भारत ने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक हितों के साथ तालमेल बिठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी आधार पर भारत से आयातित वस्तुओं पर लगाया गया अतिरिक्त मूल्य-आधारित शुल्क हटाने का फैसला लिया गया।
ट्रेड डील में क्या-क्या रहा सुरक्षित
इस अंतरिम व्यापार समझौते में भारत के कई अहम कृषि उत्पादों को बाहर रखा गया है। इनमें गेहूं, बाजरा, सूखे अनाज, पशु आहार में इस्तेमाल होने वाला लाल ज्वार, मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, शराब और स्पिरिट शामिल हैं। इसके अलावा सब्जियां, मसाले और डेयरी उत्पाद भी इस ट्रेड डील का हिस्सा नहीं बनाए गए हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

