डेस्क : देश के उत्तर, पश्चिम और पूर्वी हिस्सों में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 4 अप्रैल से देश के कई राज्यों में तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कम से कम 10 राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 7 अप्रैल से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम और अधिक प्रभावित हो सकता है। ऐसे में आम लोगों के साथ-साथ किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
IMD के मुताबिक इस सप्ताह दो पश्चिमी विक्षोभ असर दिखा रहे हैं। पहला 4 अप्रैल को सक्रिय हुआ है, जबकि दूसरा 7 अप्रैल से प्रभावी होगा। इसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई जिलों में ओले गिरने की आशंका है, वहीं पश्चिम बंगाल में 4 अप्रैल को उमस बढ़ेगी और 7 अप्रैल से वहां भी बारिश हो सकती है।
पहाड़ी इलाकों में बारिश का अनुमान
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 4 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर में 4 और 5 अप्रैल को बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। हालांकि फिलहाल बर्फबारी की कोई संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश से परेशानी बढ़ सकती है।
मैदानी इलाकों में तेज हवाएं और ओले
राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 4 अप्रैल को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि का भी खतरा बना हुआ है। दो दिन की राहत के बाद 7 और 8 अप्रैल को फिर से बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। पश्चिमी यूपी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वी हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। IMD ने राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मध्य भारत और महाराष्ट्र का हाल
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 से 7 अप्रैल तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अगले पांच दिनों तक बारिश का अनुमान है। वहीं मराठवाड़ा क्षेत्र में 4 और 5 अप्रैल को बारिश हो सकती है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी असर
बिहार और झारखंड में 4 से 7 अप्रैल के बीच मौसम बदलने और बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों—अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 5 से 7 अप्रैल के बीच बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में 4 और 5 अप्रैल को बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर
केरल, तेलंगाना और कर्नाटक में 4 से 7 अप्रैल तक बारिश की संभावना जताई गई है। पुदुच्चेरी और कराईकल में 6 अप्रैल तक बिजली गिरने की आशंका के चलते अलर्ट जारी किया गया है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

