नई दिल्ली:‘द कश्मीर फाइल्स’ को दर्शकों से खूब प्यार मिला और फिल्म जबरदस्त हिट हुई। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म जितनी हिट हुई उतना ही विवादों में भी घिरी रही। इस फिल्म में साल 1990 में कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचारों को करीब से दिखाया गया है। कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक विचारधारा वाली फिल्म तो कुछ ने मुस्लिम विरोधी फिल्म कहा। इसी बीच अब विकीपीडिया के पेज पर फिल्म को लेकर कुछ ऐसा लिखा गया, जिस पर डायरेक्टर ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए विकीपीडिया को फटकार लगाई है। सिर्फ यही नहीं विवेक अग्निहोत्री ने इसे जल्दी एडिट करने को भी कहा है।
विकीपीडिया के पेज पर फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के बारे में लिखा गया- ‘साल 2022 में बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स एक भारतीय हिंदी भाषा की ड्रामा फिल्म है, जिसे विवेक अग्निहोत्री ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म में कश्मीर के विवादित इलाके से कश्मीरी हिंदुओं के विस्थापन की काल्पनिक कहानी दिखाई गई है। साल 1990 में हुए विस्थापन को सामूहित नरसंहार दिखाया गया है, जिसके बारे में ज्यादातर ऐसा सोचा जाता है कि यह गलत और षडयंत्र पर बनी कहानियों पर आधारित है।’
विवेक अग्निहोत्री विकीपीडिया को ट्विटर पर टैग करते हुए लिखा- ‘प्यारे, विकीपीडिया, आप इसमें इस्लामोफोबिया, प्रोपेगैंडा, संघी और कट्टर जैसे शब्दों को जोड़ना भूल गए हैं। आप अपनी धर्मनिरपेक्ष पहचान खोते जा रहे हैं। जल्दी इसे और एडिट करें।’
निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लोगों ने काफी पसंद किया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई भी की। इस फिल्म के बाद अब डायरेक्टर फिल्म ‘द दिल्ली फाइल्स’ बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। अब तक इस फिल्म को डायरेक्टर ने कुछ रिवील नहीं किया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
