मुंबई: टाटा समूह के वरिष्ठ उद्योगपति नोएल टाटा ने मंगलवार को घोषणा की कि वह एयर कंडीशनिंग और इंजीनियरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वोल्टास के चेयरमैन पद से हट जाएंगे। कंपनी की 72वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चेयरमैन के रूप में यह उनकी अंतिम एजीएम है।
अपने संबोधन में नोएल टाटा ने कंपनी की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वोल्टास ने वर्षों के दौरान एक मजबूत और सक्षम नेतृत्व टीम तैयार की है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई पीढ़ी का नेतृत्व कंपनी को आगे भी विकास के नए आयामों तक ले जाएगा और सभी व्यावसायिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत कंपनी के लिए सकारात्मक रही है। वोल्टास के रूम एयर कंडीशनर कारोबार ने केवल 81 दिनों में 10 लाख यूनिट की बिक्री का रिकॉर्ड स्थापित किया है, जो भारतीय उपभोक्ताओं के बीच कंपनी की मजबूत पकड़ को दर्शाता है।
नोएल टाटा ने कंपनी के कर्मचारियों, शेयरधारकों, ग्राहकों और व्यावसायिक साझेदारों का वर्षों तक मिले सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वोल्टास आज एक मजबूत स्थिति में खड़ी है और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
नोएल टाटा वर्ष 2003 में वोल्टास के निदेशक मंडल से जुड़े थे और सितंबर 2017 में उन्हें कंपनी का गैर-कार्यकारी (नॉन-एग्जीक्यूटिव) चेयरमैन नियुक्त किया गया था। हाल ही में उन्होंने टाटा समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट के चेयरमैन पद से भी हटने की घोषणा की थी।
उल्लेखनीय है कि नवंबर 2026 में 70 वर्ष की आयु पूरी करने पर टाटा समूह की सेवानिवृत्ति नीति के तहत नोएल टाटा वोल्टास सहित समूह की कई अन्य कंपनियों के निदेशक मंडलों से भी विदा लेंगे। हालांकि, वह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत