स्पोर्ट्स डेस्क : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 2027 पुरुष एकदिवसीय विश्व कप के आयोजन की संभावित समय-सारिणी को मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार विश्व कप का आयोजन 4 अक्तूबर से 21 नवंबर 2027 तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मई में अहमदाबाद में हुई आईसीसी बोर्ड बैठक में इन तिथियों पर व्यापक सहमति बन गई थी। अंतिम स्वीकृति जुलाई में स्कॉटलैंड के एडिनबरा में होने वाली आईसीसी की वार्षिक आम बैठक में दी जा सकती है।
टूर्नामेंट के अधिकांश मुकाबले दक्षिण अफ्रीका में खेले जाएंगे। अनुमान है कि 54 में से 40 से अधिक मैच दक्षिण अफ्रीका के आठ मैदानों पर आयोजित होंगे। वहीं जिम्बाब्वे को 8 से 10 मुकाबलों की मेजबानी मिल सकती है, जबकि नामीबिया में तीन मैच खेले जाने की संभावना है।
विश्व कप के साथ 14 टीमों के प्रारूप की भी वापसी होगी। पिछले दो संस्करणों में केवल 10 टीमों ने हिस्सा लिया था। नए प्रारूप के तहत टीमों को सात-सात के दो समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक समूह से शीर्ष तीन टीमें सुपर सिक्स चरण में प्रवेश करेंगी, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
यह 2003 के बाद पहला अवसर होगा जब पुरुष एकदिवसीय विश्व कप अफ्रीकी धरती पर आयोजित किया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे इससे पहले 2003 विश्व कप की भी मेजबानी कर चुके हैं, जबकि नामीबिया पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का सह-मेजबान बनेगा।
मेजबान देशों में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को स्वतः प्रवेश मिलेगा, जबकि नामीबिया को विश्व कप में स्थान सुनिश्चित करने के लिए क्वालीफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि 14 टीमों की वापसी से प्रतियोगिता अधिक प्रतिस्पर्धी बनेगी और उभरते क्रिकेट देशों को भी विश्व मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत