नई दिल्ली : देश के कई हिस्सों में रविवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 19 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और आगे बढ़ रहे दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के अनेक राज्यों में वर्षा गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पिछले दो दिनों की वर्षा के बाद तापमान में गिरावट दर्ज हुई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं, बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार में मानसून की प्रगति के साथ वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
आईएमडी के मुताबिक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और असम सहित कई राज्यों में भी बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश तथा बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में और आगे बढ़ सकता है, जिससे वर्षा गतिविधियों में और तेजी आएगी।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। किसानों और यात्रियों को भी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
