नई दिल्ली:राजधानी दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में एक प्रमुख कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में बारिश का पानी भर जाने से सिविल सेवा की तैयारी कर रहे तीन छात्रों की डूब कर हुई मौत को कांग्रेस ने आपराधिक लापरवाही बताते हुए तमाम सरकारी संस्थाओं की भयंकर नाकामी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। साथ ही पार्टी ने इसके लिए जिम्मेदार संस्थाओं की तत्काल जवाबदेही तय करने की मांग की है।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने तीन छात्रों की मौत पर गहरी संवेदना के साथ आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि आम लोग हर स्तर पर संस्थाओं की गैर-जिम्मेदारी की कीमत चुका रहे हैं। देश की राजधानी के प्रमुख इलाके में पानी निकासी की बेहद खस्ताहाली के चलते युवा सपनों की हुई मौत पर चौतरफा उभरते आक्रोश के सुरों से सुर मिलाते हुए कांग्रेस ने असमय काल के गाल में समा गए छात्रों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जवाबदेही तय करने की यह मांग की।
सिस्टम की असफलता: राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘दिल्ली की एक बिल्डिंग के बेसमेंट में पानी भर जाने के कारण प्रतियोगी छात्रों की मृत्यु बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। कुछ दिन पहले बारिश के दौरान बिजली का करंट लगने से एक छात्र की मृत्यु हुई थी। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी भावपूर्ण संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। बुनियादी ढांचे का ऐसे ध्वस्त होना सिस्टम की संयुक्त असफलता है। असुरक्षित निर्माण, लचर टाऊन प्लानिंग और हर स्तर पर संस्थाओं की गैर-जवाबदेही की कीमत आम नागरिक अपना जीवन गंवा कर चुका रहा है। सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन हर नागरिक का अधिकार और सरकारों का दायित्व है।’
कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने डूबने से छात्रों की हुई मौत को सरकार और प्रशासन की आपराधिक लापरवाही करार दिया। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जाहिर करते हुए एक्स पर पोस्ट में खरगे ने कहा, ‘इससे पहले पटेल नगर में जलभराव के कारण करंट लग जाने से एक अन्य यूपीएससी प्रतियोगी छात्रों की जान चली गई। पिछले कुछ दिनों में आठ लोगों की करंट लगने से मौत हुई है।’
कांग्रेस ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर का शहर बनाया था: खरगे
राजधानी की शासन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए खरगे ने कहा, ‘दिल्ली को कांग्रेस ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर का शहर बनाया था मगर आज भारत की राजधानी उदासीनता का दंश झेल रही है। आए दिन हादसे होते रहते हैं। देश की राजधानी में इस तरह का हादसा होना हम सभी के लिए अत्यंत चिंता की बात है। हमें हमारी राजधानी को बेहतर बनाना होगा ताकि हमारे नागरिक सुरक्षित रहें और यहां रहने व आनेवालों को ये भरोसा हो कि देश की राजधानी में उनकी उपेक्षा नहीं होगी।’
प्रियंका ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस घटना के खिलाफ विरोध और गुस्से का इजहार कर रहे छात्रों के एक वीडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए छात्रों की मांग का समर्थन किया। प्रियंका ने कहा, ‘दिल्ली की एक कोचिंग के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मृत्यु की घटना हृदयविदारक है। दिवंगत आत्माओं एवं शोकाकुल परिजनों के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती हूं। हाल ही में पटेल नगर में एक छात्र की करंट लगने से मौत हो गई थी। यह लापरवाही और अव्यवस्था की पराकाष्ठा है कि जो बच्चे दूर-दूर से यहां अपने सपने पूरे करने के लिए आते हैं, उनकी ¨जदगी भी उनसे छिन रही है।’
प्रियंका ने कहा, ‘यह आपराधिक और गैर-जिम्मेदाराना है। इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए और सबसे जरूरी है कि जिन इलाकों में प्रतियोगी छात्र रहते हैं वहां से हर वो निर्माण, हर गतिविधि जो अवैध और जानलेवा है, उसे दुरुस्त करना चाहिए।’ कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भी इस पर आक्रोश जताते हुए कहा कि छात्रों की मौत किसी प्राकृतिक आपदा के कारण नहीं बल्कि अधिकारियों के लालच और उदासीनता के कारण हुई है और इसके लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

