डेस्क:पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के घर पर फायरिंग हुई है। यह हमला सिंगर के कनाडा स्थित घर पर हुआ है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के ग्रुप ने इसकी जिम्मेदारी ली है। सलमान खान के बाद अमृतपाल सिंह ढिल्लों ऐसे दूसरे स्टार हैं, जिनके घर पर हमला हुआ है। सलमान के घर पर फायरिंग की जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई के ग्रुप ने ही ली थी। सूत्रों का कहना है कि एपी ढिल्लों के विक्टोरिया आइलैंड स्थित घर के पास से फायरिंग की आवाजें सुनी गईं। अब तक इस मामले में एपी ढिल्लों की ओर से कुछ कहा नहीं गया है। वहीं लॉरेंस बिश्नोई और उसके करीबी रोहित गोदारा की गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
एक मेसेज सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 1 सितंबर की रात को एपी ढिल्लों के दो ठिकानों पर फायरिंग की गई। एक हमला विक्टोरिया आइलैंड स्थित आवास पर हुआ है तो वहीं उनके टोरंटो के वुडब्रिज स्थित घर पर भी फायरिंग हुई। गैंग ने धमकी देते हुए एपी ढिल्लों से कहा है कि यह हमला सलमान खान से उनकी दोस्ती के चलते किया गया है। यही नहीं उन्हें धमकी देते हुए कहा गया कि वह सलमान खान से दूर रहें और अपनी हदें पार न करें। ऐसा नहीं किया तो उन्हें ‘कुत्ते की मौत’ मारा जाएगा।
सलमान खान के भी मुंबई स्थित घर पर फायरिंग हुई थी। उसकी जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने ही ली थी। यही नहीं बिश्नोई ग्रुप का कहना था कि हिरण को मारने के चलते हम सलमान खान को माफ नहीं करेंगे। फिलहाल कनाडा की एजेंसियां वायरल पोस्ट की जांच कर रही हैं, जिसमें हमले का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा मौका-ए-वारदात से भी सबूत जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल कनाडा की एजेंसियों की ओर से भी हमले की पुष्टि नहीं की गई है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
