डेस्क:मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के धमोरा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा प्रिंसिपल पुष्पेंद्र सक्सेना की सिर में गोली मारकर हत्या करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपी छात्र प्रिंसिपल की स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना शुक्रवार दोपहर 1:00 बजे की है, जब प्रिंसिपल बाथरूम में गए हुए थे। बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र, जो गणित विषय का छात्र था, उनके पीछे-पीछे बाथरूम तक पहुंचा और उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगने से प्रिंसिपल की मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज से स्कूल में दहशत फैल गई। अन्य शिक्षकों ने बताया कि अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब बाथरूम में जाकर देखा गया, तो प्रिंसिपल का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत सभी छात्र-छात्राओं को घर भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। आरोपी छात्र की तलाश जारी है, और पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र के पास हथियार कहां से आया और हत्या की असल वजह क्या थी।
एडिशनल एसपी विक्रम सिंह और एसएसपी अमन मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्कूल स्टाफ से पूछताछ की। साथ ही, स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। इस घटना से पूरे स्कूल में डर का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

