नई दिल्ली:देश का विदेशी मुद्रा भंडार आठ जुलाई को समाप्त सप्ताह में 8.062 अरब डॉलर घटकर 580.252 अरब डॉलर रह गया। इसी के साथ विदेशी मुद्रा भंडार 15 माह के निचले स्तर पर आ गया है। वहीं, एक अप्रैल को समाप्त हफ्ते के बाद से यह सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। इस हफ्ते में 11.17 अरब डॉलर की गिरावट आई थी।
वजह क्या है: आठ जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में आई गिरावट का कारण विदेशी मुद्रा आस्तियों का घटना है जो कुल मुद्रा भंडार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके अलावा गोल्ड रिजर्व भंडार घटने से भी विदेशीमुद्रा भंडार कम हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक इस सप्ताह में गोल्ड रिजर्व का मूल्य भी 1.236 अरब डॉलर घटकर 39.186 अरब डॉलर रह गया।
रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी किये गये भारत के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन सप्ताह में विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) 6.656 अरब डॉलर घटकर 518.089 अरब डॉलर रह गई। डॉलर में अभिव्यक्त विदेशी मुद्रा भंडार में रखे जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में मूल्यवृद्धि अथवा मूल्यह्रास के प्रभावों को शामिल किया जाता है।
समीक्षाधीन सप्ताह में, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास जमा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 12.2 करोड़ डॉलर घटकर 18.012 अरब डॉलर रह गया। आईएमएफ में रखे देश का मुद्रा भंडार भी 4.9 करोड़ डॉलर घटकर 4.966 अरब डॉलर रह गया।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
