डेस्क: इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में प्रधानमंत्री अबी अहमद अली द्वारा आयोजित भोज समारोह के दौरान मंगलवार शाम एक भावुक और यादगार पल देखने को मिला। समारोह में इथियोपिया के गायकों की टीम ने भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की मनोहारी प्रस्तुति दी। विदेशी धरती पर गूंजे इस राष्ट्रगीत ने वहां मौजूद सभी अतिथियों को गहराई से प्रभावित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विशेष रूप से उत्साहित नजर आए और उन्होंने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
गौरतलब है कि भारत इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है। इस अवसर पर देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और संसद के शीतकालीन सत्र में भी इस विषय पर चर्चा हुई है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया की सरकार, वहां के नागरिकों और प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के प्रति आभार व्यक्त किया। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा संदेश में उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे प्राचीन और समृद्ध सभ्यताओं में से एक द्वारा सम्मानित होना उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने इसे उन अनगिनत भारतीयों का सम्मान बताया, जिन्होंने वर्षों से भारत–इथियोपिया साझेदारी को सशक्त बनाया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत उभरती वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और नए अवसरों के सृजन के लिए इथियोपिया के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों देशों के बीच हुए समझौतों को दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने शासन, शांति स्थापना, डिजिटल क्षमता, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्रों में सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य लोगों को सशक्त बनाना है। ज्ञान, कौशल और नवाचार पर जोर युवाओं में साझा विश्वास को दर्शाता है, जबकि स्वास्थ्य सेवा में सहयोग मानवीय गरिमा और कमजोर वर्गों की देखभाल के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
इथियोपिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में आज ओमान के लिए रवाना होंगे। यह यात्रा ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर हो रही है और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर विशेष महत्व रखती है। यह प्रधानमंत्री मोदी की ओमान की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले दिसंबर 2023 में सुल्तान हैथम बिन तारिक भारत की यात्रा पर आए थे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
