स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में बहुत कुछ खास रहा। कैमरन ग्रीन का सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी का रिकॉर्ड बनाना। प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, आकिब डार, मंगेश यादव जैसे अनकैप्ड खिलाड़ियों का चमकना। सीएसके का स्थापित और बड़े खिलाड़ियों से हटकर युवाओं की तरफ शिफ्ट होना…। खास इसलिए भी रहा कि आखिरकार पृथ्वी शॉ को आईपीएल 2026 का टिकट मिल गया। एक ऐसा खिलाड़ी जिसमें कभी भारतीय क्रिकेट का नया सचिन तेंदुलकर देखा गया था लेकिन जो अपनी हरकतों, अनुशासनहीनता और फिटनेस को लेकर लापरवाही से विनोद कांबली की नियति की ओर बढ़ चुका था। पृथ्वी शॉ को आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स ने खरीद लिया। अब शॉ के ऊपर है कि वह बहुत मुश्किल से मिले इस मौके को अपने करियर का टर्निंग मोमेंट, टर्निंग पॉइंट बना पाते हैं या नहीं।
कभी भारत का अगला बैटिंग स्टार समझे जाने वाले पृथ्वी शॉ को पिछले आईपीएल सीजन में कोई पूछने वाला तक नहीं रहा। कोई खरीदार मिला। इस बार भी कुछ-कुछ वैसी ही कहानी थी। नाटकीयता से भरी कहानी। 75 लाख रुपये बेस प्राइस वाले शॉ इस बार नीलामी के दौरान दो बार अनसोल्ड रहे। किसी भी फ्रेंचाइजी ने उनमें रुचि नहीं दिखाई।
दो बार अनसोल्ड रहने के बाद पृथ्वी शॉ का दिल टूट गया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर टूटे दिल की इमोजी के साथ लिखा- ‘It’s OK’ यानी कोई नहीं, ये भी ठीक है। लेकिन कुछ ही मिनटों में पूरी कहानी बदल गई। एक्सिलरेटेड राउंड में दिल्ली कैपिटल्स ने उनके लिए उनके बेस प्राइस पर बोली लगा दी। वही दिल्ली कैपिटल्स जिसके साथ शॉ 2018 से 2024 तक खेल चुके थे। किसी और ने बोली नहीं लगाई तो शॉ 75 लाख रुपये में कैपिटल्स के हो गए।
पृथ्वी शॉ ने तत्काल अपना सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दिया। सिर्फ 6 मिनट बाद ही टूटे दिल की इमोजी की जगह पर एक नई पोस्ट थी। बैक टु माय फैमिली। परिवार में वापस आया।
26 साल के पृथ्वी शॉ अपने करियर को फिर से पटरी पर लाने के लिए पिछले साल, दो साल से काफी मेहनत कर रहे हैं। घरेलू टूर्नामेंट्स में वह इन दिनों शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने रणजी ट्रॉफी के इतिहास का दूसरा सबसे तेज दोहरा शतक जड़ा था। भारत के लिए अपने डेब्यू टेस्ट में ही शतक जड़ने वाले पृथ्वी शॉ के लिए आईपीएल 2026 काफी अहम रहने वाला है। अगर उन्हें मौका मिला और वो दमदार प्रदर्शन कर पाए तो ये उनके करियर का टर्निंग मोमेंट साबित हो सकता है। आखिर अभी उनकी उम्र ही क्या है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
