नई दिल्ली : वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट के पलटने की घटना में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। हादसे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गहरा दुख जताते हुए केंद्र सरकार से वियतनामी प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों में हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने की अपील की है।
राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह त्रासदी बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रार्थना उन लोगों के साथ भी है, जो अभी लापता हैं और जिनके परिवारजन बेहद कठिन इंतजार से गुजर रहे हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि वे वियतनामी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें और प्रभावित भारतीय परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराएं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने नाव पलटने की घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। खड़गे ने विदेश मंत्रालय से बचाव अभियान की निगरानी करने और वियतनामी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहने की अपील की।
36 लोगों को ले जा रही थी नाव
वियतनामी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक स्पीडबोट पलट गई, जिसमें 36 लोग सवार थे। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
बताया गया कि यह नाव होन मे रूट द्वीप से पर्यटकों को लेकर एन थोई बंदरगाह की ओर जा रही थी। यह स्थान फु क्वोक एयरपोर्ट से करीब 25 किलोमीटर दूर है। दोपहर के समय समुद्र में अचानक नाव पलट गई और सभी यात्री पानी में गिर गए।
नाव में 32 भारतीय पर्यटक थे सवार
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि हादसे के समय नाव पर 32 भारतीय पर्यटक मौजूद थे। इसके अलावा नाव में तीन चालक दल के सदस्य और एक फ्लाइट अटेंडेंट भी सवार थे।
दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है तथा प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत