डेस्क : रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच नाटो महासचिव मार्क रुट्टे की एक टिप्पणी ने तूल पकड़ लिया है। रुट्टे ने बर्लिन में कहा था कि नाटो को उस बड़े युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए, जिसका सामना हमारे दादा-दादी या परदादा-परदादी ने किया था। इस बयान पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बुरी तरह भड़क गए और इसे पश्चिम का ‘उन्माद’ तथा ‘झूठ’ करार देते हुए कड़ी चेतावनी दे डाली। पुतिन ने न केवल पश्चिमी नेताओं पर रूस-विरोधी डर फैलाने का आरोप लगाया, बल्कि यूक्रेन को भी साफ संदेश दे दिया कि अगर शांति वार्ता विफल हुई तो रूस सैन्य बल से उन क्षेत्रों पर कब्जा कर लेगा जिन पर वह दावा करता है।
क्या बोले पुतिन?
रिपोर्ट के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि यूरोपीय लोगों को रूस से युद्ध के डर से भरा जा रहा है और उन्होंने पश्चिमी नेताओं पर उन्माद फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैंने बार-बार कहा है- यह झूठ है, बकवास है, यूरोपीय देशों के लिए रूस के किसी काल्पनिक खतरे की सरासर बकवास है। लेकिन यह जानबूझकर किया जा रहा है। इस दौरान रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन और पश्चिम पर जोरदार हमला बोला और कहा कि अगर वे शांति वार्ता छोड़ देते हैं, तो रूस सैन्य तरीके से यूक्रेन में उन क्षेत्रों पर कब्जा कर लेगा जिन पर वह दावा करता है। उन्होंने कहा कि हम कूटनीति के जरिए संघर्ष के मूल कारणों को दूर करना पसंद करेंगे।
इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विरोधी पक्ष और उसके विदेशी संरक्षक ठोस वार्ता में शामिल होने से इनकार करते हैं, तो यूक्रेनी भूमि को ‘सैन्य साधनों’ से अपने नियंत्रण में ले लिया जाएगा। बता दें कि रूस, यूक्रेन के 19 फीसदी से अधिक हिस्से पर नियंत्रण का दावा करता है। वह बार-बार कब्जा किए क्षेत्रों से पीछे हटने से इनकार करता है और चाहता है कि यूक्रेन, पूर्वी यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र के शेष हिस्से को छोड़ दे।
नाटो महासचिव ने क्या कहा था?
दरअसल, बर्लिन में दिए गए भाषण में नाटो महासचिव रुट्टे ने कहा था कि गठबंधन के कई सहयोगी यूरोप में रूस के खतरे की गंभीरता को नहीं समझते और उन्होंने उनसे भविष्य के युद्ध को रोकने के लिए रक्षा खर्च तथा उत्पादन में तेजी से बढ़ोतरी करने को कहा। इस दौरान रुट्टे ने कहा कि हम रूस का अगला निशाना हैं। मुझे डर है कि बहुत से लोग चुपचाप आत्मसंतुष्ट हैं। बहुत से लोग स्थिति की गंभीरता को नहीं समझते। और बहुत से लोग मानते हैं कि समय हमारे पक्ष में है। ऐसा नहीं है। कार्रवाई का समय अब है। उन्होंने आगे कहा कि संघर्ष हमारे दरवाजे पर दस्तक दे रहा है। रूस ने यूरोप में युद्ध वापस ला दिया है। और हमें इसके लिए तैयार रहना होगा।
गौरतलब है कि पुतिन का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन में चार साल से अधिक समय से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका के साथ एक समझौते के प्रस्ताव पर बातचीत चल रही है। दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में सबसे घातक संघर्ष को जल्द समाप्त करने पर जोर दे रहे हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
