स्पोर्ट्स डेस्क: राजकोट में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में सात विकेट से करारी हार के बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने भारतीय स्पिनरों की कड़ी आलोचना की है। पठान ने रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के प्रदर्शन को न्यूजीलैंड के कम अनुभवी स्पिनरों की तुलना में “कमतर” बताते हुए इसे हार का मुख्य कारण बताया।
मैच के आंकड़ों पर नजर डालें तो जडेजा और कुलदीप ने मिलकर 18 ओवरों में 126 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट लिया। वहीं, न्यूजीलैंड के स्पिनर जेडेन लेनोक्स और माइकल ब्रेसवेल ने 20 ओवर में मात्र 76 रन खर्च कर दो विकेट झटके और भारत को 284 रनों पर रोक दिया। पठान ने न्यूजीलैंड की रणनीति की सराहना करते हुए कहा, “उन्होंने परिस्थितियों को बेहतर तरीके से पढ़ा और असली स्पिन गेंदबाजी दिखाई।”
इरफान पठान ने खासतौर पर कुलदीप यादव की गेंदबाजी पर सवाल उठाया। कुलदीप ने अपने 10 ओवरों में 82 रन खर्च किए और केवल एक विकेट लिया। पठान ने कहा, “कुलदीप इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उनकी गति फिर से कम होती नजर आ रही है। पहले वह धीमी गेंदबाजी से टर्न ला पा रहे थे, अब क्या उन्होंने फिर तेज गेंदबाजी शुरू कर दी है, जिससे टर्न कम हो रहा है?”
उन्होंने कुलदीप को सुझाव दिया कि उन्हें अपनी गति और रणनीति पर फिर से विचार करना चाहिए। पठान ने कहा, “कुलदीप 10 ओवर में 80 रन देने से कहीं बेहतर गेंदबाज हैं। मुझे उम्मीद है कि वह अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।”
रवींद्र जडेजा के बारे में पठान ने कहा कि उनके पास सीमित विकल्प हैं और प्रतिकूल परिस्थितियों में उन्हें कठिनाई होती है। बावजूद इसके, उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जाती है।
न्यूजीलैंड के स्पिनरों के अनुशासन और नियंत्रण की तारीफ करते हुए पठान ने भारत को अपनी गेंदबाजी रणनीति सुधारने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि डेब्यू कर रहे जेडेन लेनोक्स ने विराट कोहली और श्रेयस अय्यर जैसे अनुभवी बल्लेबाजों को काबू में रखा, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने 3.40 की बेहतरीन इकोनॉमी से गेंदबाजी की। पठान ने कहा, “अनुशासन में भारतीय स्पिनर न्यूजीलैंड के पास भी नहीं थे। यह हार का बड़ा कारण रहा।”
अब श्रृंखला 1-1 की बराबरी पर है और इंदौर में होने वाला निर्णायक मैच भारत के लिए अपनी गेंदबाजी रणनीति सुधारने का मौका होगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

