स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट के 14 वर्षीय उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने आईसीसी अंडर-19 पुरुष विश्व कप 2026 के पहले ही मुकाबले में इतिहास रच दिया। भले ही अमेरिका के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में वह बल्ले से बड़ा योगदान नहीं दे सके, लेकिन मैदान पर उतरते ही उन्होंने एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव 14 साल 294 दिन की उम्र में अंडर-19 विश्व कप खेलने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड कनाडा के नितीश कुमार के नाम था, जिन्होंने 2010 में 15 साल 245 दिन की उम्र में अंडर-19 विश्व कप में पदार्पण किया था।
यह ऐतिहासिक उपलब्धि वैभव सूर्यवंशी ने क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो में भारत अंडर-19 और अमेरिका अंडर-19 के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान हासिल की। इस मैच में भारत ने बारिश से प्रभावित खेल में डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत अमेरिका को छह विकेट से मात दी।
भारत की जीत के नायक तेज गेंदबाज हेनिल पटेल रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात ओवर में एक मेडन सहित मात्र 16 रन देकर पांच विकेट झटके। बादलों से घिरे मौसम में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे हेनिल ने पूरी तरह सही साबित कर दिया। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने अमेरिकी टीम 35.2 ओवर में सिर्फ 107 रन पर सिमट गई।
बारिश के कारण खेल में रुकावट आई और लक्ष्य को संशोधित कर 37 ओवर में 96 रन कर दिया गया। बारिश आने तक भारत ने चार ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 21 रन बना लिए थे। इसके बाद अभिज्ञान कुंडू ने संयम और समझदारी भरी पारी खेलते हुए 41 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाए और 118 गेंद शेष रहते टीम को डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत जीत दिलाई।
मैच की शुरुआत बारिश के चलते देर से हुई थी। भारत की ओर से उतरे 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (2 रन) ज्यादा देर टिक नहीं सके और तीसरे ओवर में ऋत्विक अप्पिडी की गेंद पर बोल्ड हो गए। लेंथ गेंद पर आगे बढ़कर खेलने के प्रयास में गेंद बल्ले के अंदरूनी किनारे से लगकर स्टंप्स से जा टकराई। कप्तान आयुष म्हात्रे ने दो चौके लगाकर अच्छी शुरुआत के संकेत दिए, लेकिन तभी बारिश ने एक बार फिर खेल रोक दिया।
लंबे अंतराल के बाद खेल दोबारा शुरू हुआ तो डकवर्थ-लुईस समीकरण बदल चुका था। भारत ने जल्दी-जल्दी आयुष म्हात्रे (19), वेदांत त्रिवेदी (2) और उप-कप्तान विहान मल्होत्रा (18) के विकेट गंवा दिए, जिससे मुकाबला कुछ देर के लिए रोमांचक हो गया।
इससे पहले गेंदबाजी में हेनिल पटेल ने अपने पहले ही ओवर में अमरिंदर गिल को स्लिप में विहान मल्होत्रा के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद दीपेश देवेंद्रन ने साहिल गर्ग (16) को थर्ड मैन पर हेनिल के हाथों कैच करवाया। हेनिल ने फिर लगातार झटके देते हुए कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा और विकेटकीपर अर्जुन महेश (16) को भी आउट किया।
अमेरिकी टीम इन शुरुआती झटकों से उबर नहीं पाई। लेग स्पिनर खिलन पटेल ने आते ही अमोघ अरेपल्ली को आउट कर अमेरिका का पांचवां विकेट 39 रन पर गिरा दिया। इसके बाद अमेरिकी पारी पूरी तरह बिखर गई और भारत ने अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत जीत के साथ की।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

