स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज रोमांचक मोड़ पर है। सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने जीत दर्ज की थी, लेकिन दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड की युवा टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए वापसी की। राजकोट में खेले गए मैच में भारतीय गेंदबाजों को खासा संघर्ष करना पड़ा और कीवी बल्लेबाजों ने खुलकर रन बनाए।
सीरीज के दौरान भारतीय टीम के संयोजन को लेकर भी बहस तेज हो गई है। इसी कड़ी में भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर. अश्विन ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को पहले दो वनडे में प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। अश्विन ने टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की खुलकर आलोचना की है।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि वे खुद ऐसे हालात से गुजर चुके हैं, इसलिए अर्शदीप की मानसिक स्थिति को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा, “अर्शदीप ने जब-जब गेंद संभाली है, टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्हें आत्मविश्वास के साथ प्लेइंग इलेवन में उतरने का मौका मिलना चाहिए। वे इसके पूरी तरह हकदार हैं। अब तीसरे वनडे में उन्हें खिलाने का क्या फायदा, जब शुरुआती दो मैचों में मौका नहीं दिया गया? इससे खिलाड़ी की लय और आत्मविश्वास दोनों प्रभावित होते हैं।”
टीम मैनेजमेंट का तर्क है कि फरवरी-मार्च 2026 में भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अर्शदीप के वर्कलोड को मैनेज किया जा रहा है। हालांकि, अश्विन इस सोच से सहमत नहीं दिखे। उन्होंने कहा, “अगर कोई खुद को अर्शदीप की जगह रखकर सोचे, तो समझ आएगा कि वह क्या महसूस कर रहा होगा। इतना अच्छा करने के बाद भी उसे अपनी जगह के लिए जूझना पड़ रहा है। क्रिकेट आत्मविश्वास का खेल है और ऐसा अक्सर गेंदबाजों के साथ ही क्यों होता है, बल्लेबाजों के साथ क्यों नहीं?”
अर्शदीप सिंह का वनडे रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 14 वनडे मैचों में 22 विकेट झटके हैं। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उन्होंने तीनों मुकाबले खेले थे। इसके बावजूद, गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद टी20 इंटरनेशनल में भी अर्शदीप को नियमित मौके नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे टीम में उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

