डेस्क : अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को एक भीषण विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। यह धमाका शहर-ए-नव (Shahr-e-Naw) इलाके में एक होटल में हुआ, जो विदेशी नागरिकों के ठहरने का प्रमुख स्थान है और काबुल के सबसे सुरक्षित इलाकों में से एक माना जाता है। तालिबान के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि विस्फोट से कई लोग मारे गए और घायल हुए हैं।
प्रवक्ता खालिद जादरान ने कहा कि शहर-ए-नाउ जिले के एक होटल में विस्फोट हुआ, जिसमें कई लोग हताहत हुए हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन क़ानी ने बताया कि विस्फोट में कई लोगों की जान गई है और कुछ लोग घायल हुए हैं। हताहतों की संख्या और विस्फोट के कारणों की जांच अभी जारी है। अधिकारियों ने ये भी बताया कि अभी उनके पास हताहतों की सटीक संख्या के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। जानकारी आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने विस्फोट का जोरदार धमाका सुनने के साथ ही साथ घटनास्थल से धुआं उठता हुआ देखा। बताया जा रहा है कि विस्फोट के बाद घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट की खबर मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। साथ ही जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों की जांच कर रही हैं।
फिलहाल ये नहीं बताया गया कि इस घटना में किसका हाथ है लेकिन संदेह जताया जा रहा है कि इस विस्फोट में इस्लामिक स्टेट-खोरसान (ISIS-K) का हाथ हो सकता है। हालांकि अभी तक ISIS-K ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

