डेस्क : नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच शनिवार को घोषित अंतरिम व्यापार समझौते से ज्यादा चर्चा इस बार एक नक्शे को लेकर हो रही है। अमेरिकी प्रशासन की ओर से जारी किए गए आधिकारिक भारत के नक्शे ने न सिर्फ सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, बल्कि कूटनीतिक हलकों में भी इसे एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
अमेरिका के ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) कार्यालय द्वारा साझा किए गए इस नक्शे में भारत की सीमाओं को जिस तरह दर्शाया गया है, उसने पारंपरिक अमेरिकी रुख से अलग तस्वीर पेश की है। आमतौर पर पश्चिमी देशों के नक्शों में जम्मू-कश्मीर के विवादित क्षेत्रों को अलग रंग या बिंदीदार रेखाओं से दिखाया जाता रहा है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ।
नक्शे में क्या दिखाया गया?
USTR द्वारा जारी नक्शे में संपूर्ण जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा दर्शाया गया है। इसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) भी स्पष्ट रूप से भारतीय सीमा के भीतर दिखाया गया है। इसके साथ ही अक्साई चिन को भी भारत के हिस्से के रूप में दर्शाया गया है, जिस पर फिलहाल चीन का नियंत्रण है और जिसे बीजिंग अपना क्षेत्र बताता रहा है।
सोशल मीडिया से कूटनीति तक चर्चा
व्यापार समझौते के दस्तावेज़ों के साथ जैसे ही यह नक्शा सामने आया, सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो गया। बड़ी संख्या में भारतीय यूज़र्स ने इसे भारत के पक्ष में एक अहम कूटनीतिक संकेत बताया। जानकारों का मानना है कि इतने संवेदनशील समय में इस तरह का नक्शा जारी होना महज एक तकनीकी चूक नहीं हो सकता।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम चीन और पाकिस्तान दोनों के लिए एक स्पष्ट संदेश हो सकता है कि अमेरिका क्षेत्रीय मुद्दों पर भारत के दावों को गंभीरता से ले रहा है।
इसका क्या अर्थ निकाला जा रहा है?
कूटनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह घटनाक्रम दर्शाता है कि अमेरिका अब केवल रक्षा सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापार और राजनीतिक मोर्चे पर भी भारत के रुख के करीब आता दिख रहा है। अक्साई चिन को भारत का हिस्सा दिखाना चीन के लिए एक सधा हुआ लेकिन कड़ा संकेत माना जा रहा है, जबकि पीओके को भारतीय नक्शे में शामिल करना पाकिस्तान के उस नैरेटिव को कमजोर करता है जिसे वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाता रहा है।
कुल मिलाकर, व्यापार समझौते के साथ सामने आया यह नक्शा दोनों देशों के रिश्तों में बदलते रणनीतिक समीकरणों की ओर इशारा करता है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

