डेस्क : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा खुलकर उनके समर्थन में उतर आए हैं और इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि पटना में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की कार्रवाई ने व्यवस्था की “गहरी सड़ांध” को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो भाजपा-राजग की वही पुरानी कार्यशैली सामने आई—मामले को भटकाना, परिजनों को प्रताड़ित करना और दोषियों को सत्ता का संरक्षण देना।
राहुल गांधी ने कहा कि पीड़ित बेटी के लिए न्याय की आवाज़ बनकर पप्पू यादव मजबूती से खड़े हुए, और इसी कारण उनकी गिरफ्तारी की गई। उनके मुताबिक यह कार्रवाई साफ तौर पर राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है, ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज़ को डराया और दबाया जा सके। उन्होंने इसे केवल एक मामला नहीं, बल्कि एक “खतरनाक चलन” बताया, जहां सत्ता आंखें मूंदकर बैठी है और बेटियों की सुरक्षा दांव पर है। राहुल ने कहा कि यह राजनीति नहीं, बल्कि इंसाफ का सवाल है और बिहार की बेटियों की इज्जत व सुरक्षा का मुद्दा है।
उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी पप्पू यादव के समर्थन में बयान देते हुए भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि पटना के हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ बलात्कार और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है, लेकिन उससे भी अधिक खौफनाक सरकार का रवैया है। प्रियंका ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी से लेकर जांच और कार्रवाई तक सबकुछ संदिग्ध क्यों बनाया गया और यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने हाथरस, उन्नाव, अंकिता भंडारी और पटना जैसे मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जहां-जहां महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, वहां भाजपा शासित सरकारें पीड़िताओं को न्याय दिलाने के बजाय आरोपियों के साथ खड़ी नजर आती हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में आवाज उठाने वाले सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी उसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है और इससे भाजपा व उसके सहयोगियों का एजेंडा साफ झलकता है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

