डेस्क : अभिनेता अक्षय कुमार ने हाल ही में एक पुराना किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक हाई-प्रोफाइल पार्टी में उन्होंने गुस्से में आकर एक व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया था। मामला इतना गंभीर हो गया था कि वह व्यक्ति बेहोश हो गया और कुछ समय के लिए अक्षय को लगा कि कहीं इस घटना से उनका करियर ही खतरे में न पड़ जाए।
यह खुलासा उन्होंने गेम शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून के एक विशेष एपिसोड में किया। इस दौरान उनके साथ शार्क टैंक इंडिया के जज अमन गुप्ता, अनुपम मित्तल और नमिता थापर भी मौजूद थे।
‘गजब बेइज्जती’ वाला पल
बातचीत के दौरान जब अमन गुप्ता ने अक्षय से उनकी जिंदगी के ‘गजब बेइज्जती’ वाले पल के बारे में पूछा, तब उन्होंने यह घटना सुनाई। अक्षय ने बताया कि वह अपने एक करीबी मित्र के साथ एक पार्टी में गए थे, जहां एक अजनबी व्यक्ति उनके दोस्त को लगातार अपशब्द कह रहा था।
चेतावनी के बावजूद नहीं रुका शख्स
अक्षय के अनुसार, उन्होंने पहले उस व्यक्ति को समझाने की कोशिश की। एक बार नहीं, बल्कि कई बार चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना। वह उनके मित्र के लिए बेहद व्यक्तिगत और भद्दी भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। स्थिति तब और बिगड़ गई जब उनका दोस्त भावुक होकर रोने लगा।
अक्षय ने कहा, “मुझसे यह सब देखा नहीं गया। गुस्से में आकर मैंने उसे एक थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ इतना जोरदार था कि वह तुरंत जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।”
करियर खत्म होने का डर
घटना को याद करते हुए अक्षय ने बताया कि वह बुरी तरह घबरा गए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी काफी बड़ी थी और जैसे ही वह व्यक्ति बेहोश हुआ, उन्होंने और उनके साथियों ने उस पर पानी डाला। वह मन ही मन यही दुआ कर रहे थे कि उसे जल्दी होश आ जाए। अक्षय को डर सता रहा था कि अगर उस व्यक्ति को कुछ हो गया, तो उनके करियर पर गंभीर असर पड़ सकता है। राहत की बात यह रही कि कुछ देर बाद वह व्यक्ति होश में आ गया।
आज भी है पछतावा
अक्षय कुमार ने स्वीकार किया कि वह इस घटना को अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती मानते हैं। उनका कहना है कि आज यदि ऐसी परिस्थिति आए तो वह शारीरिक प्रतिक्रिया देने के बजाय वहां से शांतिपूर्वक निकल जाना ही बेहतर समझेंगे।
वर्क फ्रंट
फिल्मी मोर्चे पर अक्षय कुमार जल्द ही निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्म भूत बंगला में नजर आएंगे। इसके अलावा उनके पास वेलकम टू द जंगल और हैवान जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स भी पाइपलाइन में हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
