नई दिल्ली : विश्व क्रिकेट के 14 पूर्व कप्तानों और दिग्गज खिलाड़ियों ने पाकिस्तान सरकार को संयुक्त पत्र लिखकर पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान को तत्काल और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस पहल में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और कपिल देव भी शामिल हैं।
दिग्गजों ने अपने पत्र में कहा है कि हालिया रिपोर्टों से संकेत मिल रहे हैं कि जेल में बंद इमरान खान की सेहत लगातार गिर रही है। विशेष रूप से उनकी आंखों की रोशनी में कमी की खबरों पर चिंता जताते हुए उन्होंने आग्रह किया कि उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से तुरंत परामर्श और नियमित उपचार की अनुमति दी जाए।
पत्र पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित है। इसमें यह भी कहा गया है कि खान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मानवीय व्यवहार, परिवार से नियमित मुलाकात और निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड सहित कई देशों के पूर्व कप्तान शामिल हैं। इन सभी ने स्पष्ट किया है कि यह अपील किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि मानवीय आधार और खेल भावना के तहत की गई है।
दिग्गजों ने अपने पत्र में लिखा है कि क्रिकेट ने दशकों तक देशों के बीच संवाद और सम्मान का सेतु बनाया है। ऐसे में खेल जगत से जुड़े किसी भी व्यक्ति की स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को मानवता के आधार पर प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
गौरतलब है कि इमरान खान अगस्त 2023 से विभिन्न मामलों में जेल में बंद हैं। हाल के महीनों में उनके स्वास्थ्य को लेकर कई रिपोर्टें सामने आई हैं, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदाय में चिंता व्यक्त की जा रही है।
इस पत्र के बाद अब यह देखना होगा कि पाकिस्तान सरकार इस अपील पर क्या रुख अपनाती है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

