काबुल/इस्लामाबाद: अफगानिस्तान ने सीमाई क्षेत्रों में पाकिस्तान की हवाई कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा है कि इस हमले में दर्जनों आम नागरिकों की जान गई। तालिबान के प्रवक्ता जुबिउल्लाह मुजाहित ने बताया कि बीती रात नांगरहार और पाकटिका प्रांतों में पाकिस्तान ने अचानक हवाई हमला किया। इस हमले में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार नांगरहार में पाकिस्तानी हवाई हमले में एक रिहाइशी इमारत पूरी तरह से मलबे में दब गई, जिसमें एक परिवार के लगभग 23 लोग रहते थे। अब तक केवल चार लोगों को मलबे से निकाला जा सका है। तालिबान ने बताया कि पाकिस्तान ने बेरमाल और आरगुन जिलों में भी हवाई हमले किए।
तालिबान ने पाकिस्तान पर बेकसूर लोगों को मारने का आरोप लगाया। जुबिउल्लाह मुजाहित ने कहा कि पाकिस्तान ने घुसपैठ की और मासूमों की जान ली। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के पास भी जवाब देने का अधिकार है और सही समय आने पर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर पाकिस्तान का कहना है कि खैबर-पख्तूनख्वा के बन्नू इलाके में शनिवार को हुए आत्मघाती हमले में सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक सैनिक की मौत हुई थी। पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बयान में कहा कि इसी हमले का बदला लेने के लिए सीमा पार आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
मंत्रालय ने बताया कि इन हमलों की जिम्मेदारी फितना अल ख्वारिज (एफएके), पाकिस्तानी तालिबान और इस्लामिक स्टेट ऑफ खुरसान प्रांत (आईएसपीके) ने ली है। पाकिस्तान का कहना है कि अफगान तालिबान शासन बार-बार आग्रह के बावजूद इन आतंकवादी समूहों और उनके सहयोगियों को रोकने में विफल रहा।
मंत्रालय ने कहा, “इस पृष्ठभूमि में पाकिस्तान ने खुफिया जानकारी के आधार पर सात आतंकवादी शिविरों और ठिकानों को निशाना बनाया। पाकिस्तान अंतरिम अफगान सरकार से अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने की उम्मीद करता है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी तालिबान पर दबाव बनाने का आग्रह करता है। हम क्षेत्र में शांति बनाए रखना चाहते हैं, लेकिन हमारे नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पहले भी सीमा विवाद और आतंकवाद को लेकर तनाव देखा जा चुका है। पिछले साल अक्टूबर में दोनों पक्षों के बीच सीमित सशस्त्र संघर्ष हुआ था, जिसमें पाकिस्तानी सेना के 23 सैनिक और 200 से अधिक अफगान तालिबान सैनिक मारे गए थे।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

