मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मोरना गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दो सगी बहनों ने अपने ही पिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपित बेटियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से सुनियोजित साजिश रची थी।
सोमवार सुबह गांव मोरना में रविदास मंदिर के पीछे रहने वाले किसान रामप्रसाद का शव उनके घर में चारपाई के पास लहूलुहान हालत में मिला। उनकी गर्दन और पेट पर चाकू के कई गहरे घाव थे। सबसे पहले उनकी पत्नी चंद्रकली ने शव देखा और शोर मचाया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई।
सूचना पर एसपी देहात आदित्य बंसल समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में परिवार की ओर से अज्ञात बदमाशों पर हत्या का शक जताया गया, लेकिन पुलिस जांच में घर में जबरन प्रवेश या बाहर निकलने के कोई निशान नहीं मिले। इसके बाद शक के आधार पर पुलिस ने मृतक की दोनों बेटियों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की साजिश और क्रियान्वयन की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, दोनों बहनों ने रविवार रात खीर बनाई और उसमें नींद की 16 गोलियां मिलाकर परिवार को खिला दीं, ताकि सभी गहरी नींद में सो जाएं। आधी रात के बाद दोनों ने मिलकर अपने पिता पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। वारदात के बाद वे अपने कमरे में जाकर सो गईं और सुबह सामान्य होने का प्रयास करती रहीं।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों बहनों ने हाल ही में शाहपुर क्षेत्र के बसीकलां गांव में हुई एक आपराधिक घटना के बारे में सोशल मीडिया पर पढ़ा था, जिसमें नींद की गोलियां मिलाकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रची गई थी। उसी घटना से प्रेरित होकर उन्होंने हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, पिछले दो दिनों से दोनों बहनें साजिश की तैयारी कर रही थीं।
मौके से पुलिस को नींद की गोलियों के दो रैपर भी बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों को नींद की गोलियां कहां से और कैसे मिलीं। दोनों बहनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

