डेस्क : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के नवाबगंज क्षेत्र में लेनदेन के विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी के एक नेता पर परिवार सहित तीन लोगों के साथ मारपीट और फायरिंग करने का आरोप लगा है। घटना में प्रॉपर्टी डीलर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पीड़ित प्रशांत कुमार, निवासी कल्याणपुर शिवली रोड, ने बताया कि उन्होंने जुलाई 2025 में नवाबगंज निवासी सपा नेता विशाल कुमार, जो युवजन सभा का पूर्व प्रदेश सचिव बताया जा रहा है, से 40 लाख रुपये में एक ट्रक खरीदा था। आरोप है कि आरोपी ने किराये पर लिया गया ट्रक सौंप दिया और उसकी फर्जी आरसी थमा दी। कुछ समय बाद वास्तविक मालिक ट्रक वापस ले गया। इसके बाद जब प्रशांत ने अपनी रकम लौटाने की मांग की तो आरोपी टालमटोल करता रहा।
पीड़ित का कहना है कि सोमवार को विशाल कुमार ने रुपये लौटाने के बहाने उन्हें अपने घर बुलाया। वह अपने बड़े भाई विनय प्रकाश सिंह और साथी देवांश सक्सेना के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचते ही आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों ने आंखों में मिर्च का पानी डालकर मारपीट शुरू कर दी। ईंट से हमला किया गया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई। हमले में तीनों घायल हो गए।
आरोप है कि आरोपियों ने उनकी गाड़ी तोड़ दी और मोबाइल फोन भी छीन लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को आरोपी के चंगुल से छुड़वाकर अस्पताल पहुंचाया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एडीसीपी अर्चना सिंह ने बताया कि पीड़ितों का उपचार कराया जा रहा है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पीड़ित प्रशांत कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी की शिकायत पहले नवाबगंज थाना प्रभारी से की गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम उठाए जाते तो यह घटना टल सकती थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

