डेस्क : बिहार की राजनीति में आज एक नया मोड़ आया जब नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण की। पटना स्थित जदयू मुख्यालय में आयोजित समारोह में निशांत ने पार्टी की सदस्यता ली, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें स्वागत किया।
निशांत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि वे पार्टी और संगठन के प्रति पूरी तरह जिम्मेदार होंगे और जनता के विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने अपने पिता की राजनीति और उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा,
“मेरे पिता ने जो निर्णय लिया है — राज्यसभा जाना — मैं उसका सम्मान करता हूँ। उनके द्वारा किए गए 20 वर्षों के कार्य बिहार और देश के लिए हमेशा याद रखे जाएंगे। मैं उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास करूंगा।”
इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ निशांत का स्वागत किया और उन्हें पार्टी की नई दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
विश्लेषकों का मानना है कि निशांत की यह राजनीतिक एंट्री न केवल जदयू संगठन में युवा ऊर्जा का संचार करेगी, बल्कि बिहार की राजनीति में एक नई धारा का संकेत भी देती है। निशांत के पार्टी में शामिल होने के साथ ही यह संकेत भी स्पष्ट हुआ कि नीतीश कुमार अपने आगामी राज्यसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और संगठन में नई पीढ़ी को आगे लाने की रणनीति पर काम चल रहा है।
जदयू मुख्यालय में हुए इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं रहे।
निशांत कुमार का जदयू में शामिल होना बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय खोलने वाला कदम माना जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

