स्पोर्ट्स डेस्क : हॉकी इंडिया द्वारा अंडर-18 राष्ट्रीय कोचिंग कैंप का आयोजन एसएआई भोपाल में किया जा रहा है, जिसमें कुल 84 खिलाड़ियों (42 पुरुष एवं 42 महिला) को शामिल किया गया है। यह चयन हाल ही में संपन्न 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
यह कैंप इन दिनों चल रहा है और इसे पुरुष एवं महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 की तैयारी के लिए एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों की अंतिम तैयारी इसी शिविर में की जा रही है।
हॉकी इंडिया की योजना के अनुसार, प्रारंभिक 42-42 खिलाड़ियों के दोनों समूहों का एक सप्ताह के मूल्यांकन के बाद चयन घटाकर 24-24 खिलाड़ियों तक किया जाएगा, जो आगे के गहन प्रशिक्षण का हिस्सा बनेंगे।
इस कैंप का एक प्रमुख आकर्षण आगामी एक्सपोजर सीरीज है, जिसमें भारतीय अंडर-18 पुरुष और महिला टीमें 11 से 21 मई 2026 के बीच ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 टीमों के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेंगी। इसे खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय अनुभव और प्रदर्शन को परखने का अहम अवसर माना जा रहा है।
महिला टीम की जिम्मेदारी रानी रामपाल को सौंपी गई है, जबकि पुरुष टीम का नेतृत्व सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा कर रहे हैं।
सरदार सिंह ने इस कैंप को भारतीय हॉकी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह युवा खिलाड़ियों को आधुनिक हॉकी की तकनीकी और रणनीतिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगा। वहीं रानी रामपाल ने कहा कि यह शिविर खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए मानसिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने का अवसर है।
देश के विभिन्न राज्यों से चयनित खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ यह शिविर भारतीय हॉकी की नई पीढ़ी को तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
