डेस्क : राजस्थान के बारां जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां महज दो हजार रुपए के लिए एक नाती ने अपने ही नाना की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के अनुसार, यह वारदात सारथल थाना क्षेत्र की है। 27 मार्च को मृतक के भाई भैरूलाल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बड़ा भाई बद्रीलाल रात में खेत पर स्थित शंकर भगवान के मंदिर के चबूतरे पर सोया था। अगले दिन सुबह जब उसकी पत्नी चाय लेकर खेत पहुंची, तो बद्रीलाल का शव कुएं में पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उसके पैर बंधे हुए थे, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि मामला हत्या का है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद ली। साथ ही, 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने झालावाड़ निवासी रणजीत को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान रणजीत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने नाना बद्रीलाल से दो हजार रुपए मांगे थे, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर गुस्से में आकर उनकी हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

