डेस्क : गुरुग्राम में प्रशासन ने अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को व्यापक स्तर पर कार्रवाई की। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर आठ प्रमुख कॉलोनियों में फैले अतिक्रमण को हटाया और 900 से अधिक अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई डीटीपी (प्रवर्तन) अमित मधोलिया की निगरानी में की गई, जिसमें अलग-अलग टीमों ने एक साथ कई इलाकों में अभियान चलाया। कार्रवाई के दायरे में डीएलएफ फेज-1, साउथ सिटी-1, पालम विहार, सुशांत लोक-3, रोजवुड सिटी, आरडी सिटी, मालिबू टाउन और सनसिटी जैसी प्रमुख रिहायशी कॉलोनियां शामिल रहीं।
अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण हटाए गए, जिनमें 215 गार्ड रूम, 100 रैंप, 110 चारदीवारी, 50 अवैध गेट, 40 दुकानें और 50 से अधिक शौचालय शामिल थे। इसके अलावा करीब 300 मकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण भी हटाए गए।
प्रशासन के अनुसार इन कॉलोनियों में सार्वजनिक सड़कों, पार्कों और अन्य स्थानों पर लगातार अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे स्थानीय लोगों को यातायात और आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसी के चलते यह सख्त कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने संकेत दिया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिन इलाकों में अवैध निर्माण या अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं ही अवैध निर्माण हटा लें, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
