डेस्क : बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उनके बस की बात नहीं है कि वे इंडिया गठबंधन को सफलतापूर्वक चला सकें। तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस गठबंधन का नेतृत्व केवल प्रियंका गांधी ही कर सकती हैं, क्योंकि उनमें नेतृत्व की क्षमता है।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा, “प्रियंका गांधी ही गठबंधन चला सकती हैं। उनमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जैसी दृढ़ता दिखाई देती है। राहुल गांधी जी से यह नहीं चलने वाला। केवल यात्राएँ निकालने या मोटरसाइकिल पर बैठ जाने से राजनीति नहीं चलती।”
तेज प्रताप यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राहुल गांधी ने बिहार की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समझौता किया और दबाव में पद छोड़ा।
इस पर पलटवार करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि राहुल गांधी को बिहार की राजनीति पर बोलने से पहले अपने दल और गठबंधन की स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि पहले उनका शौक मोटरसाइकिल चलाने का था, अब उन्हें सत्ता की कुर्सी का आकर्षण हो गया है।
तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन हो गया तो दूसरे नेता ने जिम्मेदारी संभाल ली, लेकिन राहुल गांधी दूसरे राज्य में बैठकर बिहार की राजनीति में अनावश्यक रुचि ले रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उन्हें बिहार के मुख्यमंत्री पद से इतना लगाव क्यों है।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान तेज प्रताप यादव ने राष्ट्रीय जनता दल से अलग राह अपनाते हुए अपनी जनसत्ता दल के नाम से चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली और उनके समर्थित उम्मीदवार भी जीत दर्ज नहीं कर सके।
चुनाव के समय तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव पर सीधे प्रहार नहीं किया, लेकिन उनके करीबी नेताओं पर लगातार हमले किए थे। वहीं उनकी बहन रोहिणी आचार्य भी कई बार सार्वजनिक रूप से तेज प्रताप यादव के समर्थन में दिखाई दी थीं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय जनता दल के भीतर उभरे मतभेदों ने भी चुनावी परिणामों पर असर डाला था।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
